अमेरिकाः न्यू ऑरलिंस में गोलीबारी, 11 घायल

न्यू ऑरलिंस
अमेरिका के न्यू ऑरलिंस शहर में गोलीबारी में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी शहर के प्रतिष्ठित फ्रेंच क्वॉर्टर में हुई है। घायलों में दो की हालत गंभीर है। संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में पुलिस ने लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह गोलीबारी कैनाल स्ट्रीट के व्यस्त कमर्शल ब्लॉक में हुई है जहां कई होटल मौजूद हैं। शहर के पुलिस अधिकारी शॉन फर्गुसन ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर सुरक्षाकर्मी पहुंच गए क्योंकि वार्षिक थैंक्सगिविंग वीकेंड को देखते हुए पहले से ही वहां सुरक्षा कड़ी थी।

यह घटना तड़के 3 बजे हुई। फर्गुसन ने कहा, ‘हमारे अधिकारी वहां तैनात थे, हमें लगा उनपर गोलियां चलाई जा रही हैं। दुर्भाग्यवश, वहां कई लोग थे। हमें पता नहीं चल पाया है कि किसने गोली चलाई। हमें नहीं पता यह कैसे हुआ।’

उधर, स्थानीय पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। ट्वीट के मुताबिक, ‘घटनास्थल के पास एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। हालांकि, वह इसमें शामिल था या नहीं इसकी जांच हो रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना की जांच जारी है।’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *