इन दो लम्हों को कभी नहीं भूल सकता: MS धोनी

मुंबई
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को कहा कि 2007 में वर्ल्ड टी20 और 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली उनकी टीम का शानदार स्वागत जैसे क्षण उनके दिल के बेहद करीब हैं। धोनी की अगुवाई में भारत ने साउथ अफ्रीका में पहला टी20 विश्व कप जीता था, जबकि इसके बाद उनके नेतृत्व में अपनी सरजमीं पर 2011 में वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया था।

धोनी ने यहां एक प्रचार कार्यक्रम से इतर कहा, ‘मैं यहां दो घटनाओं का जिक्र करना चाहूंगा। हम 2007 में (टी20) वर्ल्ड कप के बाद भारत आए और हमने खुली बस में यात्रा की और हम मरीन ड्राइव (मुंबई) में खड़े रहे। हर तरफ जाम लगा था और लोग हमारे स्वागत के लिए अपनी कारों में आएथे।’

उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे हर किसी के चेहरे पर खुशी देखकर अच्छा लगा था। क्योंकि दर्शकों में कई ऐसे लोग रहे होंगे, जिनकी उड़ान छूट गई होगी, हो सकता है कि वे किसी महत्वपूर्ण काम से जा रहे हों। वह शानदार स्वागत था। पूरा मरीन ड्राइव एक छोर से दूसरे छोर तक भरा था।’

धोनी ने जिस दूसरे वाकया का जिक्र किया वह यहां 2011 में खेले गए विश्व कप का फाइनल मैच का वह क्षण था, जब भारत जीत के करीब था और दर्शक ‘वंदे मातरम’ चिल्ला रहे थे। धोनी ने इस महत्वपूर्ण मैच में नाबाद 91 रन बनाए थे।


उन्होंने कहा, ‘और दूसरा वाकया 2011 वर्ल्ड कप फाइनल का था। मैच में जब 15-20 रन चाहिए थे तब जिस तरह से वानखेड़े स्टेडियम में दर्शक ‘वंदे मातरम’ का उदघोष कर रहे थे।’ धोनी ने कहा, ‘ये दो वाकये हैं। मुझे लगता है कि उन्हें दोहराना बहुत मुश्किल होगा। ये दो घटनाएं मेरे दिल के काफी करीब हैं।’

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *