आर्चर पर भद्दा कॉमेंट, NZC ने बढ़ाई सुरक्षा

नई दिल्ली
इंग्लैंड के पेसर के द्वारा की गई नस्लीय दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद न्यू जीलैंड क्रिकेट ने दूसरे टेस्ट से पहले सिक्यॉरिटी बढ़ा दी है। दूसरा टेस्ट मैच हैमिल्टन में होना है। माउंट मोनगानुई में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान आर्चर पर किसी ने अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्होंने ट्वीट करके इसपर आपत्ति जाहिर की थी।

न्यू जीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने भी इस घटना पर दुख जताया था। न्यू जीलैंड क्रिकेट ने कहा कि दोषी की पहचान करने के बाद उसकी शिकायत पुलिस में की जाएगी और उसपर प्रतिबंध भी लगाए जाएंगे। मैच के बाद आर्चर ने ट्वीट करके इस दुर्व्यवहार के बारे में बताया था। सोमवार को टेस्ट के अंतिम दिन न्यू जीलैंड ने पारी और 65 रनों से जीत दर्ज की। आर्चर ने इस पारी में केवल 3 गेंदों का सामना किया। उन्होंने एक चौका मारकर चार रन ही बनाए।

न्यू जीलैंड क्रिकेट ने वादा किया है कि दूसरे टेस्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी जाएगी और सीसीटीवी फुटेज पर भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। बयान में कहा गया, ‘हम खिलाड़ियों के आसपास तो सुरक्षा बढ़ाएंगे ही साथ ही जब वे मैदान से बाहर होंगे तो अतिरिक्त ध्यान दिया जाएगा। ऐसा व्यवहार हमारे समाज में स्वीकार्य नहीं है और लोगों को खुद की समीक्षा करनी चाहिए।’ मंगलवार को ही न्यू जीलैंड क्रिकेट ने जोफ्रा आर्चर से माफी मांग ली थी।

वहीं कीवी कोच गैरी स्टीड ने कहा कि उनके कुछ गेंदबाज भी आर्चर से बात करेंगे । उन्होंने कहा ,‘‘ भीड़ में से किसी एक मूर्ख ने टिप्पणी की है । उम्मीद है कि उसे सजा मिलेगी ।’’ इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि मामले की मांच में वे न्यूजीलैंड क्रिकेट की मदद कर रहे हैं । एएफपी मोनामोना

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *