अभयारण्य खुलते ही बारनवापारा में दर्ज हुआ दुर्लभ शिकारी पक्षी बोनेलीज़ ईगल
23 नवंबर 2026 को बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ पक्षी, जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड।
बारनवापारा, 24 नवंबर 2026।
छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन एवं सफारी गतिविधियां शुरू होते ही वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दिनांक 23 नवंबर 2026 को अभयारण्य क्षेत्र में दुर्लभ शिकारी पक्षी बोनेलीज़ ईगल (Bonelli’s Eagle) का महत्वपूर्ण अवलोकन दर्ज किया गया।
इस दुर्लभ शिकारी पक्षी को वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर डॉ. आलोक सिंह ने अपने कैमरे में कैद किया। इस दौरान बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के सफारी गाइड चैनसिंह ध्रुव भी मौजूद थे।
बारनवापारा का वन क्षेत्र अपनी विशिष्ट प्राकृतिक बनावट, घने जंगलों, विविध वनस्पतियों और अनुकूल वन्यजीव आवास (Habitat) के लिए छत्तीसगढ़ में विशेष पहचान रखता है। यहां विभिन्न प्रकार के स्थानीय एवं मौसमी पक्षियों के साथ-साथ दुर्लभ वन्यजीवों की उपस्थिति भी देखने को मिलती है।
बोनेलीज़ ईगल का यह दुर्लभ रिकॉर्ड बारनवापारा की समृद्ध जैव विविधता को एक नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण अवलोकन है। इससे क्षेत्र में पक्षी अवलोकन (Bird Watching), वन्यजीव संरक्षण और अनुसंधान की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

