आनंदभूमि में बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, हेमसागर-प्रतीक की जोड़ी बनी विजेता

आनंदभूमि में बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, हेमसागर-प्रतीक की जोड़ी बनी विजेता


लगातार छह मुकाबलों में अजेय रहते हुए हेमसागर गुप्ता और प्रतीक जॉन ने जीती ट्रॉफी, फाइनल में शौर्य-एडिशन की जोड़ी को दी शिकस्त
रायपुर। आनंदभूमि सोसायटी, रायपुर में गणेशोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में हेमसागर गुप्ता एवं प्रतीक जॉन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शौर्य श्रीवास्तव एवं एडिशन जॉन की जोड़ी को लगातार दो फाइनल मुकाबलों में हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। पहले मुकाबले में हेमसागर-प्रतीक की जोड़ी ने 27-25 के करीबी अंतर से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में भी कांटे की टक्कर रही और उन्होंने 22-20 से मुकाबला अपने नाम कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
सेमीफाइनल में चार टीमों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल चरण में चार टीमों ने जगह बनाई थी। इनमें हेमसागर गुप्ता-प्रतीक जॉन, शौर्य श्रीवास्तव-एडिशन जॉन, राकेश चंद्रवंशी-देवराज पाल तथा अजितेश मिश्रा-हेमंत पानीग्रही की जोड़ियां शामिल थीं। सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के बाद हेमसागर-प्रतीक और शौर्य-एडिशन की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही विजेता जोड़ी
प्रतियोगिता की सबसे खास उपलब्धि विजेता जोड़ी हेमसागर गुप्ता और प्रतीक जॉन के नाम रही। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल और खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीते। उन्होंने प्रतियोगिता में खेले छहों मैचों में जीत दर्ज कर अपना अजेय अभियान जारी रखा।
वहीं अजितेश मिश्रा एवं हेमंत पानीग्रही की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने गणेशोत्सव के इस आयोजन को यादगार बना दिया। स्थानीय रहवासियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *