ठेठवार–रावत–राऊत विषय को लेकर दिल्ली की ओर सर्व यादव समाज की महत्वपूर्ण पहल21 अगस्त को 21 सदस्य प्रतिनिधिमंडल होगा दिल्ली रवाना
रायपुर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ द्वारा ठेठवार, रावत एवं राऊत समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को लेकर एक अहम पहल की जा रही है। समाज के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक पहचान एवं अधिकारों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश यदु जी, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती धनमती यादव जी एवं महासचिव श्री मनोज कुमार यादव जी के नेतृत्व में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 21 अगस्त 2026 को दिल्ली रवाना होगा।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से संपर्क कर ठेठवार, रावत एवं राऊत समाज से जुड़े विषय पर गंभीरता एवं सकारात्मक पहल के साथ चर्चा की जाएगी।
समाज की ओर से प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख उद्देश्य ठेठवार, रावत एवं राऊत को केंद्रीय अनुसूची में शामिल किए जाने तथा संबंधित मांग को भारत के राजपत्र में दर्ज किए जाने के विषय को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है।
इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल द्वारा माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार जी से भेंट कर समाज की भावनाओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ का कहना है कि यह पहल केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य, सामाजिक सम्मान और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है।
समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए समाज के सभी लोगों से एकजुट होकर इस प्रयास को समर्थन देने की अपील की है।
समाज की एकता • समाज का सम्मान • बच्चों का उज्ज्वल भविष्य

