तिल्दा~ नेवरा रेल्वे स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य बने ~दुर्गेश वर्मा

तिल्दा~ नेवरा रेल्वे स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य बने ~दुर्गेश वर्मा



राजधानी/रायपुर/ तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से जुड़ी यात्री सुविधाओं, रेल सेवाओं और क्षेत्र की लंबित मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। रेलवे प्रशासन द्वारा तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति का गठन किया गया है। इस समिति में अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा को सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
रेलवे प्रशासन द्वारा सलाहकार समिति के गठन की प्रक्रिया के तहत क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं जनहित से जुड़े संगठनों से सदस्यों के नाम आमंत्रित किए गए थे। इसमें छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ, चावल मिल एसोसिएशन, अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन सहित अन्य स्व~सरकारी निकाय संस्थाओं से प्रतिनिधियों के नाम मांगे गए थे। प्राप्त अनुशंसाओं एवं निर्धारित प्रक्रिया के बाद रेलवे द्वारा समिति का गठन किया गया।
जारी सूची के अनुसार विभिन्न संगठनों की अनुशंसा पर सदस्यों को समिति में शामिल किया गया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा को तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति में सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मनीष कोटवानी को अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ, रमेश अग्रवाल को चावल मिल एसोसिएशन तिल्दा-नेवरा ,नरेश जेतवानी को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सनत सेन स्थानीय स्व~ सरकारी निकाय की अनुशंसा पर समिति में सदस्य बनाया गया है। यात्री सुविधाओं और रेल समस्याओं को लेकर बढ़ी उम्मीदें
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से रेलवे से जुड़ी कई मांगें रही हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, समय-सारिणी से संबंधित समस्याएं, प्लेटफॉर्म एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार सहित कई मुद्दे समय-समय पर उठते रहे हैं।
नई सलाहकार समिति के गठन के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इन समस्याओं को अब रेलवे के समक्ष व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से रखा जाएगा। समिति के सदस्यों के माध्यम से यात्रियों और आम नागरिकों से जुड़े सुझावों एवं समस्याओं को रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की उम्मीद
दुर्गेश वर्मा की नियुक्ति को उपभोक्ता एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को रेलवे के समक्ष रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन से जुड़े होने के कारण उपभोक्ता हित, यात्री सुविधाएं और आम नागरिकों की समस्याएं समिति के समक्ष प्रमुखता से उठाए जाने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के ग्रामीण एवं व्यापारिक क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाएं और पर्याप्त रेल सेवाएं उपलब्ध होना क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है।
संगठन में खुशी का माहौल
दुर्गेश वर्मा के रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति का सदस्य बनाए जाने पर अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिशंकर शुक्ल राष्ट्रीय महासचिव श्री चितरंजन कुमार पर्वत प्रदेश अध्यक्ष श्री खुलेश वर्मा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री शैलेश चौधरी जी एवं पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संगठन से जुड़े लोगों ने कहा कि यह जिम्मेदारी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का अवसर है और उम्मीद है कि दुर्गेश वर्मा यात्रियों एवं क्षेत्रवासियों की समस्याओं को समिति के माध्यम से रेलवे प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
वहीं स्थानीय सामाजिक, व्यापारी एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि नई सलाहकार समिति तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र की लंबित रेल मांगों को आगे बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें नई सलाहकार समिति की आगामी बैठकों पर रहेंगी, जहां तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से जुड़े यात्री हित एवं जनहित के प्रमुख मुद्दों को रेलवे के समक्ष रखने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *