बाबासाहेब के नाम के अक्षर टूटे तो समाज ने उठाई आवाज, अस्पताल प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय की पहचान बने नाम-पट्टिका के कुछ अक्षर क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आने के बाद समाज के लोगों ने तत्काल पहल की।
11 अगस्त को समाज के युवा अरुण बागड़े, सचिन गजभिए एवं अक्षय डाहाट अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन से चर्चा की। CMO के निर्देश पर अस्पताल स्टाफ के सहयोग से क्षतिग्रस्त हिस्से को कपड़े से ढककर तत्काल व्यवस्था की गई। इस दौरान मानव टंडन ने स्वयं ग्रिल पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हिस्से को ढकने का कार्य किया।
इसके अगले दिन 12 अगस्त को भारतीय बौद्ध महासभा ने अस्पताल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर नाम-पट्टिका के टूटे एवं अस्पष्ट अक्षरों को जल्द ठीक कराने की मांग की। महासभा ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर जी के नाम का सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े, प्रदेश महासचिव बेनिराम गायकवाड़, शैलेश बड़गे, सुनील वांदरे, जिला अध्यक्ष विजय गजघाटे एवं जिला कोषाध्यक्ष विनायक वरघट सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन ने शीघ्र सुधार कराने का आश्वासन दिया।

