झारखंड के जमशेदपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 3 साल की मासूम बच्ची को रेलवे स्टेशन से दो लोगों द्वारा अगवा करने के बाद उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया और फिर सिर काट दिया। 5 दिन बाद बच्ची की सिर कटी लाश पॉलिथिन में पड़ी मिली। बुधवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया और दो मुख्य आरोपियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी रिंकू साहू साल 2015 में बच्चे की किडनैपिंग और हत्या की कोशिश के मामले में जेल जा चुका है।
बच्ची पिछले सप्ताह तब गायब हुई, जब वह रेलवे स्टेशन पर अपनी मां के साथ सो रही थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि एक व्यक्ति सोती हुई बच्ची को कंधे में लेकर जा रहा था। उसकी मां ने अगले दिन बच्चे की खोने की रिपोर्ट दर्ज की थी। कथित तौर पर बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उसे उसके पार्टनर पर शक है, जिसके लिए उसने अपना पति छोड़ दिया था और उसके साथ बंगाल चली गई थी। पुलिस को संदिग्धों तक पहुंचने में फुटेज की मदद मिली।
मंगलवार की रात रेलवे स्टेशन के करीब 4 किमी दूर झुग्गी-बस्ती के पास झाड़ियों में बच्ची का क्षत-विक्षत शव प्लास्टिक के बैग में मिला। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार हुए 30 साल के रिंकू साहू ने दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या और सिर काटने की बात कबूल की है। डीएसपी ने कहा कि केस में मोनू मंडल, ग्राम नया बाजार, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, रिंकू साहू टेल्को व कैलाश कुमार काशीडीह को आरोपी बनाया गया है।
पोस्टमार्टम के दौरान बच्ची के शरीर में जख्म के कई निशान मिले हैं। आरोपी ने अपहरण के दूसरे दिन हत्या करने का जुर्म स्वीकार किया है। शव बरामद होने के 24 घंटे बाद भी बाद भी बच्ची का सिर नहीं मिला है। सिर खोजने में आरपीएफ का खोजी कुत्ता भी फेल हो गया। बुधवार सुबह पुलिस रिंकू को एक बार फिर उक्त झाड़ी के पास ले गई थी, जहां से बच्ची का सिर कटा शव मिला था।

