अवैध रूप से गैस सिलिंडर की रिफलिंग,करते सांईनाथ ट्रेडर्स के संचालक बादल साहू गिरफ्तार
अवैध रूप से गैस सिलिंडर की रिफलिंग, संचालक गिरफ्तार
अवैध गैस रिफलिंग करते गिरफ्तार आरोपित बादल साहू। • पुलिस
रायपुर :- अवैध रूप से गैस सिलिंडरों में गैस रिफलिंग करने के साथ ही अवैध रूप से गैस सिलिंडरों की बिक्री करते सांईनाथ ट्रेडर्स के संचालक बादल साहू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के पास गैस रिफलिंग और गैस सिलिंडर बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज एवं पंजीयन नहीं था। उसके कब्जे से अलग अलग कंपनियों के कुल 39 नग सिलिंडर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
मंगलवार को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मौदहापारा
क्षेत्रांतर्गत ललिता चौक स्थित सांईनाथ ट्रेडर्स के संचालक द्वारा अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडरों से छोटे गैस सिलिंडरों में गैस रिफलिंग कर अवैध रूप से गैस सिलिंडर बिक्री की जा रही है, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्राइम और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सांईनाथ ट्रेडर्स में जाकर रेड कार्रवाई की गई। तलाशी लेने पर घरेलू गैस सिलिंडरों से छोटे गैस सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस रिफलिंग करना पाया गया। आरोपित बादल साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखे सिलिंडर जब्त किया।

