छत्तीसगढ़,कार से मिला डेढ़ करोड़ नगद,हिरासत में लिए गए राजनांदगांव से जुड़े हैं तार,आयकर विभाग को सौपने की तैयारी,जानिए क्या है पूरा मामला,
राजनांदगांव। गोंदिया से राजनांदगांव जा रही कार से देवरी पुलिस ने एक करोड़ 43 लाख 90 हजार रुपए नगद जब्त किया है. इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेने के साथ मामला आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी है,
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सीमा पर स्थित महाराष्ट्र के देवरी में नाकाबंदी के दौरान गोंदिया पुलिस ने पूर्व सांसद प्रदीप गांधी के भाई समेत तीन व्यापारियों से करीब डेढ़ करोड़ रुपए जब्त किया है। पुलिस को सूचना थी कि राजनांदगांव नेशनल हाईवे से एक कार मोटी रकम लेकर गुजर रही है। पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार को रोका, और बैग से एक करोड़ 43 लाख रुपए जब्त किए हैं। भारी भरकम राशि देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए। गोंदिया पुलिस ने तीनों को तत्काल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त की रात लगभग 9 बजे सीजी-08-आर-9000 नंबर की कार में रकम ले जाने की गोंदिया पुलिस को सूचना मिली थी। गोंदिया एएसपी अशोक बनकर के नेतृत्व में देवरी पुलिस ने हाईवे में डेरा डाल दिया और कार से जांच के दौरान रकम जब्त की। पुलिस ने कार में पूर्व सांसद प्रदीप गांधी के भाई कमल गांधी, विनोद जैन और नेमचंद बघेल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि जब्त रकम के संबंध में हिरासत में लिए गए व्यापारियों से जानकारी मांगी गई है। व्यापारियों के हवाले से गोंदिया पुलिस ने बताया कि धान की खरीदी के लिए रकम लेकर नागपुर की ओर जा रहे थे। सभी व्यापारी अपने आपको किसी भी तरह के मामले से पाक साफ बता रहे हैं।
इस संबंध में गोंदिया एएसपी श्री बनकर ने ‘छत्तीसगढ़’ से मामले के संबंध में बताया कि लाखों रुपए लेकर कार से महाराष्ट्र में दाखिल होने की खबर मिली थी। जांच के दौरान लगभग डेढ़ करोड़ रुपए मिले हैं। इधर नांदगांव के व्यापारियों से मिले रुपए के स्रोत के संबंध में गोंदिया पुलिस बैंक दस्तावेज भी खंगाल रही है। पूछताछ में व्यापारियों ने रकम को लेकर अपना पक्ष रखा है। पुलिस मामले को आयकर विभाग के हवाले करने की तैयारी में भी है।
कमल गांधी और साथियों से जब्त डेढ़ करोड़ रुपये गोंदिया पुलिस अपने रीजन के आयकर विभाग के पीडी एकाउंट में जमा करेगी। उसके बाद आयकर नागपुर रीजन केस बनाकर रायपुर रीजन को भेजेगा। इस पर रायपुर रीजन के अधिकारी आगे की जांच करेगी। इतनी बड़ी रकम बिना उचित लेनदेन के कागजों के लाने के मामले में यह मनी लॉड्रिंग का मामला भी बनेगा।

