करॉना: टिकट खरीद चीनियों ने भेजा 'मेडिसिन प्लेन'

बीजिंग
चीन के वुहान शहर से फैले करॉना वायरस के खिलाफ जंग में कम्‍युनिस्‍ट देश ने सेना को उतार दिया है। महामारी का रूप लेते जा रहे करॉना से लड़ने के लिए चीन ने मात्र 10 दिन में 1 हजार बेड का हॉस्पिटल बना दिया। अब तक 600 से ज्यादा लोग इस बीमारी के शिकार हो चुके हैं और करीब 28 हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं। आलम यह है कि चीन में मरीजों के बेड और अन्‍य चिकित्‍सा सामानों की भारी कमी हो गई। गंभीर संकट की इस घड़ी में ऑस्‍ट्रेलिया में रह रहे चीन के लोगों की एक पहल ने लोगों के दिलों को छू लिया है।

दरअसल, ऑस्‍ट्रेलिया में रह रहे चीनी मूल के लोगों ने मेलबर्न से चीन के गुआंझाउ शहर जा रही उड़ान की सारी टिकटें खरीदीं और हर सीट पर राहत सामग्री रखकर उसे चीन भेज दिया। चीनी नागरिकों के इस शानदार प्रयास का विडियो चीन के विदेश मंत्रालय के अधिकारी लिजिआन झाओ ने ट्विटर पर शेयर किया है जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर प्रशंसा हो रही है।

अस्‍पतालों में बेड की भारी कमी से जूझ रहा चीन
इस बीच चीन को बीमार लोगों को भर्ती करने के लिए बेड की भारी कमी से जूझना पड़ रहा है। करॉना वायरस के गढ़ वुहान शहर में एक करोड़ से अधिक लोग रहते हैं। यहां के 8182 मरीजों को 28 अस्‍पतालों में भर्ती कराया गया है। वुहान के सभी अस्‍पतालों को मिलाकर केवल 8254 बेड ही हैं। इसके अलावा चिकित्‍सा उपकरणों की भी भारी कमी हो गई है।

उधर, दक्षिणी चीन में एक कंपनी बीजीआई ग्रुप ने कहा है कि उसने बुधवार को वुहान में एक लैब शुरू किया है जिसमें 10 हजार मरीजों की रोज जांच हो सकेगी। इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने हुबेई प्रांत और उसके आसपास के प्रांतों में यात्रा पर कड़ा प्रतिबंध लगा रखा है। अधिकारियों की कोशिश है कि वायरस के प्रसार को धीमा किया जा सके। इसलिए लोगों को घरों से बाहर जाने से रोका जा रहा है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *