जॉनसन के ब्रेक्जिट पर साइन, बताया- 'शानदार पल'

लंदन
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने यूरोपीय संघ से अलग होने के समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर कर दिया और इसके साथ ही उन्होंने देश में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। इस समझौते पर हस्ताक्षर करने के साथ ही ब्रिटेन ने यूरोपीय संघ की दशकों पुरानी अपनी सदस्यता को समाप्त कर दिया है। कई वर्षों की देरी और घरेलू कटुता के बाद अपने करीबी पड़ोसियों और व्यापारिक साझेदारों का साथ छोड़ दिया है।

हस्ताक्षर के बाद जॉनसन ने जारी किया बयान
जॉनसन ने एक बयान में कहा, ‘अलग होने के समझौते पर हस्ताक्षर करना बहुत शानदार क्षण है जिससे आखिरकार 2016 के जनमत संग्रह का नतीजा सिद्ध हुआ और कई वर्षों की बहस तथा बंटवारे का अंत हुआ।’ उन्होंने इस अवसर की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘यह दस्तखत हमारे देश के इतिहास में एक नया अध्याय है।’

यूरोपीय संघ प्रमुख ने भी किए हस्ताक्षर
इससे पहले शुक्रवार सुबह बंद कमरे में हुए समारोह में यूरोपीय संघ प्रमुख उर्सुला वोन देर लियेन और चार्ल्स मिशेल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए । अगले सप्ताह बुधवार को इस समझौते की प्रति सत्यापन के लिए यूरोपीय संसद में भेजी जाएगी और गुरुवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के राजनयिक लिखित में समझौते को मंजूरी देंगे।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने गुरुवार को समझौते को अपनी औपचारिक मंजूरी दे दी थी और यूरोपीय संघ के आने वाले कुछ दिनों में अंतिम औपचारिकताओं को पूरा करने की संभावना है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *