
विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन में हिस्सा लेने स्विट्जरलैंड के दावोस पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ने एकबार फिर अपने खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया को ‘धोखा’ करार दिया है। यह बयान उन्होंने तब दिया है जब कुछ घंटे में ही अमेरिका में सीनेटर उन्हें पद से हटाने का जोर लगाने के लिए डिबेट शुरू करेंगे।
उनसे जब पत्रकारों ने पूछा कि ऐसे समय में जब उनपर महाभियोग लाया जा रहा वह अमेरिका की जगह दावोस में क्यों हैं? इस पर ट्रंप ने कहा, ‘हमारी विश्व नेताओं से बातचीत चल रही है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण लोग हैं और हम जबर्दस्त बिजनस लेकर जा रहे हैं।’ उन्होंने आगे महाभियोग पर तंज कसते हुए कहा, ‘जबकि दूसरा सिर्फ छलावा है। यह प्रताड़ित करने की कोशिश है, जो सालों से चल रहा है और ईमानदारी से कहूं यह बेहद शर्मनाक है।’
उल्लेखनीय है कि ट्रंप 4 दिनों तक होने वाले सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को स्विट्जरलैंड पहुंचे । ट्रंप यहां दुनियाभर से पहुंचे नेताओं, कारोबारियों और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों को संबोधित करेंगे । मंच की बैठक में इस साल मुख्य जोर जलवायु परिवर्तन पर है। अपनी इस यात्रा के दौरान ट्रंप इराक के राष्ट्रपति, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और यूरोपीय संघ की कार्यकारिणी के प्रमुख से मिलेंगे।
Source: International

