दुनिया के सबसे छोटे कद के खगेंद्र का निधन

काठमांडू
दुनिया के सबसे छोटे कद के व्यक्ति का शुक्रवार को नेपाल के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह मात्र 27 साल के थे। उनके नाम गिनेस वर्ल्ड रेकॉर्ड भी था। खगेंद्र थापा निमोनिया से पीड़ित थे। 2 फुट 2.41 इंच के कद वाले खगेंद्र थापा काठमांडू से कोई 200 किलोमीटर दूर पोखरा में अपने पैरंट्स के साथ रहते थे।

उनके भाई महेश थापा ने शुक्रवार को बताया, ‘निमोनिया के कारण उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा था लेकिन इस बार उनका हृदय भी संक्रमित हो गया था। उनका आज निधन हो गया।’ गिनेस वर्ल्ड रेकॉर्ड के मुताबिक, उनके पिता रूप बहादुर ने बताया, ‘उनकी हाइट इतनी कम थी कि जब उनका जन्म हुआ था तब वह सिर्फ हथेली में समा जाते थे और उन्हें नहलाना काफी कठिन था क्योंकि उनकी हाइट बहुत कम थी।’

खगेंद्र को 2010 में 18 साल की आयु में दुनिया का सबसे छोटा कद का व्यक्ति घोषित किया गया था। हालांकि, चंद्र बहादुर डांगी नाम के व्यक्ति के नाम बाद में यह रेकॉर्ड दर्ज किया गया जिनकी हाइट 54.6 सेंटीमीटर थी। 2015 में डांगी के निधन के बाद फिर यह रेकॉर्ड उनके नाम आ गया।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *