
ईरान ने आज सुबह इराक में अमेरिकी एयरबेस पर करीब दर्जन भर मिसाइलें दागी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब और बढ़ जाएगा। इस हमले के बाद ईरान ने बेहद सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह सिर्फ शुरुआत है। ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने कहा कि हमने यह कदम अपनी सुरक्षा के लिए उठाया है। जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या के बाद से ही ईरान ने अमेरिकी सेना से बदला लेने की बात कही थी।
विदेश मंत्री बोले, ‘अपनी सुरक्षा के लिए हमने उठाया कदम
‘
ईरान के विदेश मंत्री को मंगलवार ने यूएन सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए वीजा देने से इनकार कर दिया था। अब ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिकी एयरबेस पर हुए हमले के बाद कहा, ‘यूएन चार्टर के आर्टिकल 51 के तहत ईरान ने आत्मरक्षा के लिए एक ठोस कदम उठाया है। अमेरिकी एयरबेस पर हमने हमला किया जिन्होंने कायराना तरीके से हमारे सैनिकों और नागरिकों को निशाना बनाया। हम युद्ध नहीं चाहते हैं, लेकिन किसी तरह की आक्रामकता से अपनी सुरक्षा करेंगे।’
अमेरिकी सेना को दी ईरान ने धमकी
ईरान के रिवॉलूशनरी गार्ड्स कमांडर ने बलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद कहा, ‘इराक में अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाकर हमला पहला कदम भर है। हम अमेरिकी सेना को नहीं बख्शने वाले हैं।’ ईरान के सरकारी मीडिया से बात करते हुए बुधवार को कमांडर ने यह बात कही। इससे पहले मनंलवार को ईरानी संसद ने अमेरिकी सेना और पेंटागन को आतंकी घोषित करने के पक्ष में मतदान किया था।
पढ़ें : ‘डॉनल्ड ट्रंप को यहां से सेना हटाना होगा’
ईरान की रिवॉलूशनरी गार्ड्स कमांडर ने कहा, ‘आज हुए मिसाइल अटैक हमारा पहला कदम है। अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को अब इस क्षेत्र से अपने सैनिकों को निकालने के लिए सोचना होगा। या फिर अमेरिकी सेना को हमारी पहुंच से दूर करना होगा।’ बता दें कि सुलेमानी की हत्या के बाद ही ईरान के शीर्ष नेता ने कहा था कि हम इसे नहीं भूलेंगे। अमेरिका को इसकी कीमत चुकानी होगी।
पढ़ें : अमेरिकी एयरबेस पर ईरान ने दागी दर्जन भर मिसाइलें
इराक में अमेरिका के एयरबेस पर ईरान द्वारा मिसाइलों से हमले की पुष्टि की है। पेंटागन के मुताबिक उसके एयरबेस पर एक दर्जन से ज्यादा मिसाइलें दागी गई हैं। एयरबेस पर अमेरिका के साथ गठबंधन सेनाएं तैनात हैं। इस हमले में अमेरिका और गठबंधन सेनाओं को अभी तक किसी भी नुकसान की खबर नहीं है।अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बताया कि करीब साढ़े पांच बजे इराक में अमेरिकी और गठबंधन सेना के ठिकानों पर 1 दर्जन मिसाइलों से हमला किया गया है।
Source: International

