US ने ईरान के विदेश मंत्री को नहीं दिया वीजा

वॉशिंगटन
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव चरम पर है और उसके कम होने के आसार अभी नजर नहीं आ रहे हैं। विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ को संयुक्त राष्ट्र की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका ने वीजा देने से इनकार कर दिया है। ईरान के शीर्ष कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या के बाद से दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी हो रही है।

जावेद जरीफ को नहीं मिला वीजा
फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन जैसे देश जहां अमेरिका और ईरान दोनों से संयम बरतने की अपील कर रहे हैं। ट्रंप जहां ईरान को अमेरिकी बेस पर नुकसान पहुंचाने के बदले ब्रैंड न्यू हथियारों से हमले की धमकी दे रहे हैं तो ईरान की ओर से भी सबक सिखाने की बात कही जा रही है। इन सबके बीच अब संयुक्त राष्ट्र काउंसिल की न्यू यॉर्क में आयोजित मीटिंग में अब ईरान के विदेश मंत्री जावेद जरीफ हिस्सा नहीं ले सकेंगे। अमेरिका विदेश विभाग के अधिकारी ने जरीफ को वीजा नहीं देने की पुष्टि की है।

ट्रंप की धमकी के जवाब में ईरान ने भी चेताया
अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देश एक-दूसरे को लगातार धमकी दे रहे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले ही ईरान ने घोषणा की कि वह अब 2015 के परमाणु समझौते के तहत लागू की गईं पाबंदियों का पालन नहीं करेगा। वहीं ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि ईरान को कभी धमकी न देना और 52 के बदले 290 की बात याद दिलाई।

पढ़ें : रूहानी बोले, ईरान को कभी धमकी मत देना
उधर, ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने भी अपने अमेरिकी समकक्ष डॉनल्ड ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरानी देश को कभी धमकी मत देना। बता दें कि डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के 52 ठिकानों पर निशाने की बात कही थी जिसके बदले में रूहानी ने उन्हें जुलाई 1988 की घटना याद दिलाई जब यूएस वॉरशिप ने ईरानी यात्री विमान पर हमला किया था जिसमें 290 लोगों की जानें गई थीं। हसन रूहानी ने ट्वीट किया, ‘जो 52 नंबर का जिक्र कर रहे हैं उन्हें 290 नंबर भी याद रखना चाहिए। #IR655 ईरानी देश को कभी धमकी न देना।’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *