दिल्ली: गोदाम में भीषण आग से 9 की मौत

नई दिल्ली
दिल्ली के किराड़ी के कपड़ा गोदाम में आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार आग लगने के कारण 3 लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई जबकि 6 अन्य लोगों की मौत इलाज के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि आग जिस वक्त लगी उस वक्त गोदाम में कुछ लोग सो रहे थे। आग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मुआवजे का ऐलान
घटना के बाद दोपहर में दिल्ली सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया। हादसे में जान गंवानेवाले लोगों के परिवार को सरकार 10-10 लाख रुपये सहायता राशि देगी। वहीं घायलों को एक-एक लाख दिया जाएगा। दिल्ली सरकार की तरफ से सतेंद्र जैन ने बताया कि मामले में एसडीएम स्तर की जांच होगी। सात दिन के भीतर हादसे की वजह का पता लगाया जाएगा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि किराड़ी वाली घटना में तीन लोगों को बचा लिया गया जिनकी पहचान पूजा (24) और उसकी बेटियों आराध्या (तीन) और सौम्या (10) के रूप में की गई है। आग से बचने के लिए ये तीनों बगल की इमारत में कूद गए थे। मृतकों की शिनाख्त इमारत के मालिक राम चंद्र झा (65), सुदरिया देवी (58), संजू झा (36), गुड्डन और उदय चौधरी (33) एवं उसकी पत्नी मुस्कान (26) तथा उनके बच्चों अंजलि (10), आदर्श (सात) और छह माह की बच्ची तुलसी के रूप में की गई है।

पीसीआर पर मिली दिल्ली पुलिस को सूचना
पुलिस ने बताया कि आग की खबर हमें पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस के अनुसार, ‘पहले घर में आग लगने की सूचना मिली, लेकिन जब हम पहुंचे तो देखा कि गोदाम में आग लगी है। जिस वक्त आग लगी थी उस दौरान कुछ लोग गोदाम में सो रहे थे। घटना में घायल हुए सभी लोगों को पास के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है।’

गोदाम में सुरक्षा उपाय का अभाव
पुलिस ने बताया कि गोदाम में सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। आग बुझाने के लिए सेफ्टी उपकरण नहीं थे और गोदाम से निकलने के लिए भी सिर्फ एक ही सीढ़ियां थीं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि चार मंजिला इमारत के निचले हिस्से में गोदाम है जहां सबसे पहले आग लगी। मृतकों में सभी लोग आग लगने के दौरान ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। (भाषा से इनपुट के साथ)

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *