झारखंड: 10 हॉट सीटें, जिन पर टिकीं हैं नजरें

रांची
झारखंड विधानसभा चुनाव में 10 ऐसी सीटें हैं, जहां के रिजल्ट पर हर किसी की नजर है। सीएम रघुबर दास को जमशेदपुर पूर्वी सीट पर उन्हीं की सरकार में मंत्री रहे सरयू राय ने बगावत करते हुए चुनौती दी। इसके साथ ही बरहेट और दुमका सीट पर जेएमएम नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के लिए भी प्रतिष्ठा की जंग है।
आइए जानते हैं, इन 10 हॉट सीटों का क्या है हाल:

1. जमशेदपुर पूर्वीसरयू राय (निर्दलीय) 7484 वोटों से आगे
जमशेदपुर पूर्व सीट पर बीजेपी के बागी सरयू राय ने सीएम रघुबर दास को पीछे छोड़ दिया है। रघुबर यहां हारते हैं तो झारखंड में सीएम के अपनी सीट गंवाने का मिथक कायम रहेगा। हर राउंड के साथ यहां दिलचस्प चुनावी जंग देखने को मिल रही है। बीजेपी ने सरयू राय का टिकट काटा तो उन्होंने बगावत करते हुए रघुबर के खिलाफ मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया। वहीं चर्चित कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ भी यहां से रघुबर को चुनौती दे रहे हैं। गौरव वल्लभ वही शख्स हैं, जिन्होंने बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा से एक टीवी डिबेट के दौरान पूछा था कि 5 ट्रिल्यन में कितने जीरो होते हैं।

2. बरहेट हेमंत सोरेन (जेएमएम) 11668 वोटों से आगे
बरहेट सीट पर पूर्व सीएम और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने 11 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त बना ली है। पिछले विधानसभा चुनाव में दुमका में हार के बावजूद जेएमएम के पास यह गढ़ बरकरार रहा था। सोरेन को जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन की तरफ से सीएम फेस के रूप में देखा जा रहा है। पीएम मोदी ने यहां बीजेपी कैंडिडेट सिमोन मालतो के लिए रैली की थी।

3. दुमकाहेमंत सोरेन (जेएमएम) 2750 वोटों से आगे
सोरेन परिवार का गढ़ मानी जाने वाली संथाल क्षेत्र की इस सीट पर हेमंत सोरेन कांटे की टक्कर में आगे चल रहे हैं। सोरेन का मुकाबला रघुबर सरकार में मंत्री लुइस मरांडी से है। पिछली बार वह इस सीट से हार गए थे। लोकसभा चुनाव में जेएमएम चीफ शिबू सोरेन भी दुमका से हार गए थे।

झारखंड:

सीट का नाम किसमें टक्कर आगे/जीते
जमशेदपुर पूर्व रघुबर दास (बीजेपी) vs सरयू राय (निर्दलीय) सरयू राय
बरहेट हेमंत सोरेन (जेएमएम) vs सिमोन मालतो (बीजेपी) हेमंत सोरेन
दुमका हेमंत सोरेन (जेएमएम) vs लुइस मरांडी (बीजेपी) हेमंत सोरेन
धनवार बाबूलाल मरांडी (जेवीएम) vs राजकुमार यादव (सीपीआई एमएल) बाबूलाल मरांडी
रांची सीपी सिंह (बीजेपी) vs महुआ माजी (जेएमएम) महुआ माजी
सिल्ली सुदेश महतो (एजेएसयू पार्टी) vs सीमा देवी (जेएमएम) सुदेश महतो
मांडू राम प्रकाश भाई पटेल (जेएमएम) vs निर्मल महतो (एजेएसयू पार्टी) निर्मल महतो
डालटनगंज आलोक चौरसिया (बीजेपी) vs केएन त्रिपाठी (कांग्रेस) आलोक चौरसिया
झरिया रागिनी सिंह (बीजेपी) vs पूर्णिमा सिंह (कांग्रेस) पूर्णिमा सिंह
चक्रधरपुर लक्ष्मण गिलुवा (बीजेपी) vs सुखराम उरांव (जेएमएम) सुखराम उरांव

4. धनवारबाबूलाल मरांडी (जेवीएम) 21836 वोटों से आगे
धनवार सीट पर आदिवासी नेता और झारखंड विकास पार्टी (जेवीएम) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 21 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। उनका मुकाबला सीपीआई (एमएल) के राजकुमार यादव से है। पिछला चुनाव मरांडी यहां से हार गए थे। ऐसे में उनकी जीत-हार पर पार्टी का भविष्य टिका है।

5. रांचीमहुआ माजी (जेएमएम) 2257 वोटों से आगे
रांची सीट पर इस बार भारी उलटफेर होता दिख रहा है। बीजेपी के पास पिछले पांच बार से यह सीट थी। रघुबर दास सरकार में मंत्री सीपी सिंह लगातार इस सीट से जीतते रहे हैं। शुरुआती राउंड में उनकी बढ़त का मार्जिन 20 हजार से ज्यादा था लेकिन अब जेएमएम की महुआ माजी ने उनको पीछे छोड़ दिया है। रांची सीट पर इस बार कम वोटिंग हुई थी।

6. सिल्लीसुदेश महतो (एजेएसयू पार्टी) 19273 वोटों से आगे
सिल्ली सीट इस चुनाव की हॉट सीटों में से है। ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन पार्टी (एजेएसयू) के अध्यक्ष सुदेश महतो यहां जेएमएम की सीमा देवी से काफी आगे चल रहे हैं। एजेएसयू पार्टी ने बीजेपी से गठबंधन तोड़कर अकेले चुनाव लड़ा है। पिछले चुनाव और उपचुनाव में वह यहां से हार गए थे। हालांकि पहले वह इस सीट से लगातार जीतते रहे हैं। ऐसे में उनके राजनीतिक करियर के लिए नतीजा अहम है।

7. मांडूनिर्मल महतो (एजेएसयू पार्टी) 1205 वोटों से आगे
मांडू सीट पर तीन भाइयों की टक्कर पर हर किसी की नजर टिकी है। रुझानों में यहां एजेएसयू पार्टी के निर्मल महतो जेएमएम के राम प्रकाश भाई पटेल से आगे चल रहे हैं। चुनाव के ऐलान के बाद जयप्रकाश भाई पटेल ने जेएमएम छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। वहीं, बड़े भाई रामप्रकाश भाई पटेल ने जेएमएम जॉइन कर ली। चचेरे भाई चंद्रनाथ भाई पटेल को जेवीएम ने प्रत्याशी बनाया है।

8. डालटनगंजआलोक चौरसिया (बीजेपी) 22533 वोटों से आगे
डालटनगंज सीट पर कांग्रेस के चर्चित कैंडिडेट केएन त्रिपाठी पर बीजेपी के आलोक चौरसिया ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद भारी बढ़त बना ली है। पहले चरण के मतदान के दौरान इस सीट पर काफी बवाल हुआ था। बीजेपी कैंडिडेट आलोक चौरसिया के समर्थकों से झड़प के दौरान कांग्रेस कैंडिडेट केएन त्रिपाठी ने यहां एक पोलिंग बूथ पर पिस्तौल लहराई थी, जिस पर चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की है। पिछले चुनाव में यहां से बीजेपी के आलोक चौरसिया जीते थे।

पढ़ें:

9. झरियापूर्णिमा सिंह (कांग्रेस) 4913 वोटों से आगे
धनबाद की यह सीट चर्चित सिंह मेंशन के बाहुबली सूर्यदेव सिंह की पारिवारिक जंग की वजह से हॉट सीटों में से एक है। यहां से कांग्रेस कैंडिडेट पूर्णिमा सिंह आगे चल रही हैंं। जहां एक ओर सूरजदेव सिंह की बहू रागिनी सिंह को बीजेपी ने उतारा है, वहीं उनके खिलाफ सूरजदेव सिंह के भाई राजनारायण सिंह की बहू पूर्णिमा सिंह कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। पिछले चुनाव में रागिनी के पति संजीव और पूर्णिमा के पति नीरज आमने-सामने थे, जिसमें संजीव को जीत मिली थी। कुछ महीने बाद नीरज की हत्या से पारिवारिक विवाद चरम पर पहुंच गया।

10. चक्रधरपुर सुखराम उरांव (जेएमएम) 13328 वोटों से आगे
बीजेपी को इस सीट पर बड़ा झटका लगता दिख रहा है। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा यहां जेएमएम कैंडिडेट सुखराम उरांव से लगातार पीछे चल रहे हैं। यह सीट चुनावों में काफी चर्चित रही। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने यहां रैली में कई बार राम मंदिर का जिक्र किया था। जेएमएम ने यहां शशिभूषण सामद का टिकट काटकर सुखराम उरांव को टिकट दिया तो सामद बागी हो गए।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *