बंगाल में प्रदर्शन के दौरान DCP पर बम फेंका

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में नाग‍रिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहा हिंसात्‍मक प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राज्‍य के हावड़ा शहर में मंगलवार को डेप्‍युटी पुलिस कमिश्‍नर अजित सिंह यादव एक बम हमले में घायल हो गए। यह बम भीड़ को तीतर-बितर कर रहे पुलिसकर्मियों पर फेंका गया था। बम हमले में घायल डेप्‍युटी पुलिस कमिश्‍नर को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि यह बम हमला संकरैल मानिकपुर इलाके में हुआ। इससे पहले संशोधित नागरिकता कानून पर पश्चिम बंगाल में जारी हिंसा और आगजनी की घटनाओं को राज्‍य की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘छिटपुट घटनाएं’ बताया था। उन्‍होंने कहा कि संसद में बीजेपी के पास संख्या बल है तो इसका यह मतलब नहीं है कि वह राज्यों पर कानून लागू करने का दबाव बनाएगी।

ममता ने प्रधानमंत्री मोदी को आड़े हाथों ल‍िया
ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘उपद्रवियों की पहचान उनके पहनावे के आधार पर नहीं की जा सकती।’ गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने झारखंड में एक रैली में कहा था कि आग लगाने वालों का पता उनके कपड़ों से चल जाता है। तृणमूल सुप्रीमो ने दावा किया कि केंद्र ने राज्य में हिंसा की ‘एक-दो मामूली घटनाओं’ के बाद राज्य में रेल सेवाएं बंद कर दीं।

संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में एक प्रदर्शन रैली में ममता ने कहा, ‘महज एक या दो छोटी घटनाएं होने पर केंद्र ने बंगाल में रेल सेवा बंद कर दी। रेलवे की संपत्ति की रक्षा करना रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का काम है, फिर भी उन्हें हमने मदद दी। हमने (परेशानी खड़ी करने वाले) 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। हम रेलवे और केंद्र सरकार से सेवाएं बहाल करने का अनुरोध करते हैं।’ बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में राज्य भर में पिछले पांच दिनों से विरोध हो रहा है और आंदोलनकारी विभिन्न इलाकों में रेलगाड़ियों, बसों, रेलवे स्टेशन के परिसरों में आग लगा रहे हैं।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *