
नागरिता कानून को लेकर चल रहे विरोध के बीच जापान के पीएम शिंजो आबे का भारत दौरा टल गया है। उनका रविवार को भारत आने का कार्यक्रम था और गुवाहाटी में शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने आबे का दौरा टलने की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों पक्षों में भविष्य में यह कार्यक्रम तय करने पर सहमति बनी है। बता दें कि नागरिकता कानून का पूर्वोत्तर में जबरदस्त विरोध चल रहा है और असम इससे खासा प्रभावित है। इससे पहले ही जापान के जीजी प्रेस ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे भारत दौरा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रद्द कर सकते हैं।
15 से 17 दिसंबर तक प्रस्तावित था दौरा
बता दें कि 15 से 17 दिसंबर के बीच होने वाली शिखर वार्ता की गुवाहाटी में विरोध प्रदर्शनों के बीच ही तैयारियां चल रही थीं। पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले थे। नागरिकता कानून के विरोध में गुवाहाटी में जोरदार प्रदर्शन हो रहा है।
नागरिकता कानून के विरोध में असम में प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों असम, मेघालय और त्रिपुरा में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। असम में स्कूलों और कॉलेजों को 22 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के साथ प्रदर्शनकारी सेना और पुलिस की तैनाती के बाद भी लगातार कर्फ्यू का उल्लंघन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को यात्रियों से भरी एक ट्रेन में आग लगाने का भी प्रयास किया।
Source: International

