दबाव अच्छा, खुद से रास्ता निकालें पंत: गांगुली

कोलकाता
बीसीसीआई अध्यक्ष का मानना है कि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज को मैदान पर ‘धोनी, धोनी’ सुनने की आदत डालकर भारत के लिए खेलने के दबाव से निपटने का अपना तरीका खुद तलाशना होगा। सीमित ओवरों के प्रारूप में पिछले कुछ अर्से से लगातार खराब प्रदर्शन के कारण 22 साल के पंत आलोचना के घेरे में हैं। कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा ने हालांकि उनका बचाव किया है।

कोहली ने गुरुवार को कहा कि पंत को इस कदर अलग थलग नहीं करना चाहिए कि वह मैदान पर उतरते ही नर्वस होने लगें। उन्होंने हाल ही में घरेलू सीरीज में पंत के मैदान पर गलतियां करने पर धोनी के नाम के नारे लगाने के प्रशंसकों के कदम को अपमानजनक बताया।


गांगुली ने यहां ‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में कहा, ‘पंत के लिए यह अच्छा है। उन्हें इसकी आदत डाल लेनी चाहिए। उन्हें यह सुनने दीजिए और इससे निपटने का तरीका तलाशने दीजिए। उन्हें खुद इस दबाव से निकलने का रास्ता बनाना होगा।’

उन्होंने धोनी के भविष्य को लेकर बीसीसीआई की योजना का खुलासा करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पंत को अगला धोनी बनने के लिए अगले 15 साल लगातार अच्छा खेलना होगा। उन्होंने कहा, ‘धोनी जैसे खिलाड़ी रोज पैदा नहीं होते। पंत को वह हासिल करने में 15 साल लगेंगे, जो धोनी ने हासिल किया है।’

गांगुली ने कहा, ‘धोनी ने भारतीय क्रिकेट के लिए जो कुछ किया है, बीसीसीआई उन्हें कितना भी धन्यवाद दे , कम होगा। हम विराट, चयनकर्ताओं से बात कर रहे हैं। धोनी के भविष्य पर समय आने पर बात करेंगे।’

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *