पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री सिंहदेव ने किया ‘सोशल डेवलपमेंट एंड द सस्टेनेबल गोल्स इन साउथ एशिया’ पुस्तक का विमोचन

रायपुर. पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने आज यहां नवीन विश्राम भवन में ‘सोशल डेवलपमेंट एंड द सस्टेनेबल गोल्स इन साउथ एशिया’ पुस्तक का विमोचन किया। नई दिल्ली के राजीव गांधी समकालीन अध्ययन संस्थान (Rajiv Gandhi Institute of Contemporary Studies) द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक के संपादक श्री नित्य मोहन खेमका और डॉ. सूरज कुमार हैं।

विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि पूरी दुनिया में टिकाऊ विकास के लक्ष्यों को हासिल करना बड़ी चुनौती है। कोई भी व्यवस्था स्थायी नहीं है। कोई भी सभ्यता हमेशा के लिए विद्यमान नहीं रही। उन्होंने कहा कि विकास के वर्तमान मॉडलों के चलते हमने ऐसी परिस्थिति निर्मित कर ली है कि अब हमें प्रयास करना पड़ रहा है कि आगामी पांच वर्षों में हम वैश्विक तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस वृद्धि को डेढ़ डिग्री सेल्सियस पर रोक सकें।

श्री सिंहदेव ने कहा कि संसाधनों का उपयोग इस प्रकार हो कि अधिक से अधिक लोगों तक उसका लाभ पहुंचे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बारी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तितकण के साथ ही गांवों में रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी। कार्यक्रम को राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री अजय सिंह और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार श्री विनोद वर्मा ने भी संबोधित किया। पुस्तक के सह-संपादक डॉ. सूरज कुमार ने इसकी भूमिका और विषयवस्तु के बारे में जानकारी दी।

विमोचन कार्यक्रम में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला, मुख्यमंत्री के कृषि सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष श्री डी.एस. मिश्रा, राजीव गांधी फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विजय महाजन तथा सामाजिक कार्यकर्ता श्री गौतम बंदोपाध्याय सहित अनेक समाज सेवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *