श्रीलंका: एक महीने के लिए संसद सत्र स्थगित

कोलंबो
गोटबाया राजपक्षे ने एक महीने के लिए संसद का सत्र स्थगित कर दिया है और अगला सत्र शुरू के लिए तीन जनवरी 2020 की तारीख तय की है। कार्यक्रम के अनुसार, संसद का सत्र मंगलवार को शुरू होना था। राष्ट्रपति ने एक विशेष गजट अधिसूचना जारी कर बताया कि संसद का सत्र 3 जनवरी को फिर से शुरू किया जाएगा।

यह अधिसूचना सोमवार को आधी रात से प्रभावी हो गयी। अधिकारियों ने बताया, ‘‘राष्ट्रपति के पास ऐसा करने के लिए संवैधानिक शक्ति है।’ राष्ट्रपति तीन जनवरी को संसद के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर सकते हैं और इस दौरान वह अपनी नयी सरकार की नीतियों का उल्लेख करेंगे। गोटबाया राजपक्षे ने सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार सजित प्रेमदास को 13 लाख से अधिक मतों से हराकर 18 नवंबर को श्रीलंका के सातवें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी।

श्रीलंका में गृहयुद्ध के दौरान गोटबाया रक्षा सचिव रह चुके थे। बतौर रक्षा सचिव कई मानवाधिकार संगठनों ने उनकी भूमिका की आलोचना भी की है। गोटबाया के राष्ट्रपति रहने के दौरान उनके भाई महिंदा राजपक्षे को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *