ISL: मुंबई-नॉर्थ ईस्ट मैच 2-2 से ड्रॉ

गुवाहाटी
मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग (ISL) के छठे सत्र में मेजबान नॉर्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी को बुधवार को यहां उसके घरेलू मैदान पर 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। इस ड्रॉ मैच से हालांकि दोनों टीमों को तालिका में अपने स्थान में सुधार करने का मौका मिला। नॉर्थ ईस्ट युनाइटेड चौथे, जबकि मुंबई की टीम 7वें स्थान पर पहुंच गई। इंदिरा गांधी ऐथलेटिक्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच के चारों गोल पहले हाफ में हुए, जबकि दूसरे हाफ में किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली।

दूसरे हाफ में हालांकि मुंबई मेजबान टीम पर भारी रही लेकिन नॉर्थ ईस्ट उसे गोल करने से रोकने में सफल रहा। मैच की पहली सफलता मेजबान टीम को मिली। नौवें मिनट में ही पानागियोतिस त्रियादिस ने मुंबई की खराब डिफेंस का फायदा उठाते हुए गोल कर नार्थईस्ट को 1-0 से आगे कर दिया। यूनान के इस खिलाड़ी ने दाएं कोने से बेहतरीन कोण बना गेंद को पोस्ट को बाएं कोने में डाल अपनी टीम को आगे कर दिया।

अमिने शेरेमिती ने मैच में मुंबई का खाता खोला। उन्होंने 23वें मिनट में स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके 10 मिनट बाद पाउलो मचाडो की फ्री किक पर शेरमिती ने छह गज की दूरी से बाइसाइकल किक से दर्शनीय गोल कर मुंबई को 2-1 से आगे कर दिया। पिछड़ने के बाद नार्थईस्ट की टीम ने धैर्य नहीं खोया और 42वें मिनट में असामोह ज्ञान के गोल से नॉर्थ ईस्ट ने बराबरी की।

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *