देखें: नेहरू कप फाइनल में मैदान पर भिड़े हॉकी खिलाड़ी

नई दिल्ली
सोमवार को नई दिल्ली के नैशनल स्टेडियम की हॉकी फील्ड पर खिलाड़ियों के बीच लड़ाई हो गई। पंजाब पुलिस और पंजाब नैशनल बैंक के खिलाड़ी नेहरू कप के फाइनल मुकाबले के दौरान आपस में बुरी तरह भिड़ गए।

इस घटना का विडियो वायरल हो रहा है जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे पर हॉकी से हमला करते हुए देखे जा सकते हैं।

पंजाब पुलिस के खिलाड़ी लाल जर्सी में हैं और सफेद जर्सी में पंजाब नैशनल बैंक के खिलाड़ी हैं।

विडियो में पंजाब पुलिस के खिलाड़ी अधिक आक्रामक नजर आ रहे हैं। वे हाथ में हॉकी स्टिक लेकर पीएनबी के खिलाड़ियों का पीछा कर रहे हैं। पीएनबी का एक खिलाड़ी जमीन पर गिरा हुआ है और उसे हॉकी स्टिक से पीटा जा रहा है।

हालांकि बाद में मैच जारी रहा और दोनों टीमों के 8-8 खिलाड़ी मैदान पर रहे। पीएनबी ने मुकाबला 6-3 से जीता।

खिलाड़ियों के बर्ताव से नाराज भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने टीमों और उनके प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने कहा, ‘जिम्मेदाराना टीमें और उनकी लापरवाह प्रबंधन। ऐसे खिलाड़ियों और कमजोर व बिना रीढ़ की हड्डी वाली आयोजन समितियों ने खेल का नाम खराब किया है। इससे खेल की छवि खराब होती है। मैं हॉकी इंडिया से अनुरोध करता हूं कि इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।’

हॉकी इंडिया की सीईओ एलिना नॉर्मन ने कहा, ‘हम टूर्नमेंट की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसके आधार पर ही हॉकी इंडिया जरूरी कदम उठाएगा।’

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *