आनंद ने अच्छी शुरुआत की, कार्लसन ने बढ़त बनाई

कोलकाता
भारतीय स्टार ने शुक्रवार को यहां टाटा स्टील के पहले दिन चीन के डिंग लिरेन से ड्रॉ खेला और फिर अमेरिका के वेस्ले सो पर जीत हासिल की लेकिन वह तीसरी बाजी में रूस के इयान नेपोमनियाच्ची से हार गए।

विश्व चैंपियन मैग्नस दो जीत और एक बाजी ड्रॉ खेलने से अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे रहे। उन्होंने दिन का समापन पांच अंक से किया। हर रैपिड गेम में जीत से दो-दो अंक जबकि ड्रॉ से एक अंक मिलेंगे।

अमेरिका के हिकारू नाकामुरा चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। आनंद संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं, जिसमें उनके साथ हॉलैंड के अनीश गिरी, डिंग लिरेन और हमवतन विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा शामिल हैं।

हरिकृष्णा और गुजराती के प्रयास शानदार रहे जिन्होंने हार नहीं मानी और तीनों बाजियां ड्रॉ कराईं। अर्मेनिया के लेवोन अरोनियन, वेस्ले सो और नेपोमनियाच्ची दो दो अंक से आठवें स्थान पर हैं।

इस सुपर टूर्नमेंट के रैपिड वर्ग में अभी छह राउंड खेले जाने बाकी हैं। इसके बाद ब्लिट्ज टूर्नमेंट शुरू होगा जो 18 राउंड तक चलेगा। इस टूर्नमेंट की कुल इनामी राशि एक करोड़ रूपये से अधिक है। आनंद ने अच्छी शुरूआत की, पहले उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए डिंग लिरेन से अंक बांटे और फिर चिर प्रतिद्वंद्वी वेस्लो सो को पराजित करने में सफल रहे। लेकिन वह नेपोमनियाच्ची की चालों के सामने पस्त हो गए जिससे उनके कुल तीन अंक रहे। आनंद को लंदन में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए क्वॉलिफाइ करने के लिए यहां कम से कम छठे स्थान पर रहना होगा।

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *