पानी: संसद में भिड़े विजय गोयल, संजय सिंह

नई दिल्ली
राज्यसभा में एक बार फिर दिल्ली में पानी की क्वॉलिटी का मुद्दा गूंजा। शून्यकाल में बीजेपी सांसद ने यह मुद्दा उठाया तो हाउस में मौजूद आम आदमी पार्टी सांसद ने उन्हें टोका और कहा कि वह दिल्ली को बदनाम कर रहे हैं।

विजय गोयल ने अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि दिल्ली में पानी कितना दूषित और जहरीला है इस पर बहस हो सकती है। उनके इतना कहने पर ही संजय सिंह खड़े हो गए और कहा कि जलशक्ति मंत्री का बयान है कि दिल्ली का पानी यूरोपीय मानकों से भी बेहतर है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आरओ कंपनियों से डील कर दिल्ली को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। संजय सिंह के आरोप सुनकर विजय गोयल बोले कि मैं तो कुछ कह ही नहीं रहा हूं। सभापति वेंकैया नायडू संजय सिंह को बैठने को बोलते रहे पर संजय सिंह बीजेपी सांसद को लगातर टोकते रहे।

बीजेपी सांसद विजय गोयल ने कहा कि आधी दिल्ली बोरवेल और टैंकर से पानी पी रही है। पानी लीकेज की भी दिक्कत है। आधी से ज्यादा अवैध कॉलोनियों में पानी की पाइपलाइन नहीं है।

इस पर फिर आप सांसद संजय सिंह खड़े हो गए और कहने लगे कि 239 कॉलोनी में पाइपलाइन हैं और कहा कि बीजेपी सांसद सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। सभापति वेंकैया नायडू ने संजय सिंह को डांटते हुए कहा कि इस तरह बीच में बोलना ठीक नहीं है।

साथ ही कहा कि आप अपने लंग्स में बेवजह जोर मत दें, पलूशन की वजह से वैसे ही लंग्स में ज्यादा जोर पड़ रहा है। विजय गोयल ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने कहा है कि संयुक्त टीम का गठन कर दिल्ली से पानी के नमूने एकत्र कर किसी भी अधिकृत जांच एजेंसी से जांच करवा ली जाए।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *