*भ्रष्टाचार छिपाने भाजपा सरकार में चल रहा बलि का बकरा ढूंढने का खेल -कांग्रेस*

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी



*भ्रष्टाचार छिपाने भाजपा सरकार में चल रहा बलि का बकरा ढूंढने का खेल -कांग्रेस*

*बीमारी मंत्रियों में इलाज विशेष सहायक और निज सहायकों का?*
रायपुर/10 नवंबर 2026। तबादला उद्योग संचालित करने के आरोपों के बीच शिक्षा मंत्री के विशेष सहायक और निज सहायकों को अचानक हटाने के आदेश को भ्रष्टाचार छुपाने की कवायद बताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि असल गुनहगारों को बचाने और अपने-अपने विभाग के भ्रष्टाचार को छिपाने भाजपा सरकार के मंत्रियों में बलि का बकरा ढूंढने का खेल चल रहा है। मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों पर कार्रवाई करने से डर रहे हैं, इसलिए विशेष सहायक, निज सहायक जैसे केवल निचले कर्मचारियों और पीए पर गाज गिराकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार में सुशासन नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार छिपाने का सर्कस चल रहा है। बीमारी कहीं है और इलाज कहीं और ढूंढा जा रहा है। विभागों में हो रही भारी कमीशनखोरी और घोटालों के पाप से बचने के लिए भाजपा के मंत्री बार-बार अपने पीए बदल रहे हैं। अगर मंत्री ईमानदार हैं, तो फिर बार-बार पीए बदलने का यह नाटक क्यों? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पीए बदलने का छलावा बंद हो और सीधे नाकाम व भ्रष्ट मंत्रियों की जवाबदेही तय की जाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि शिक्षा का मंदिर भाजपा के कुशासन में वसूली गिरोह बन गया है। पहले युक्तियुक्तकरण के नाम पर भयादोहन किया गया अब उन्हीं प्रभावितों से ज्यादा वसूली करके मनमाफिक पदस्थापना का खुला खेल चल रहा है, इस सरकार की प्राथमिकता में अकल शिक्षकीय स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता नहीं बल्कि वसूली में हिस्सेदारी है। चलते शिक्षण सत्र के दौरान, जब एसआईआर प्रक्रिया और आम जनगणना चल रहा है, नियमानुसार इस दौरान स्थानांतरण में प्रतिबंध होता है तब भी थोक में तबादले कैसे हो रहे हैं? हर हफ्ते लंबी लंबी ट्रांसफर सूची निकल रही है, आरोप मंत्रियों पर लग रहे हैं, तो कार्यवाही केवल सहायकों पर ही क्यों, और केवल हटाने भर से न्याय हो गया? मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके कैबिनेट के मंत्रियों को बार-बार अपने विशेष सहायक और पीए बदलने की नौबत क्यों आ रही है? क्या वे खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उनके दफ्तरों में भ्रष्टाचार हो रहा था? क्या सिर्फ पीए को हटा देने से मंत्रियों के विभाग में हुए भ्रष्टाचार और घोटालों के पाप धुल जाएंगे? पहले भी डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पर्यटन संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के पीए पर ठीकरा फोड़ने के मामले सर्वविदित हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार द्वारा अपनी प्रशासनिक नाकामियों और मंत्रियों के भ्रष्टाचार के पाप को छुपाने के लिए बार-बार मंत्रियों के पर्सनल असिस्टेंट बदले जा रहे हैं। भाजपा सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि विभागों में भारी कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार जारी है। जब मामले सार्वजनिक होने लगते हैं, तो मूल वजह विभागीय मंत्री पर कार्रवाई करने के बजाय केवल पीए बदलकर पल्ला झाड़ लिया जाता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि शिक्षा विभाग में खुलेआम बोली लगाकर पदस्थापना बेची जा रही है। पोस्टिंग के अलावा भी जंबूरी में बिना टेंडर करोड़ों के टेंट पंडाल घोटाला, प्रिंटिंग से लेकर गणवेश, सायकल वितरण घोटाला और हाल ही में स्मार्ट बोर्ड घोटाला सर्वविदित है। मंत्रियों का अपने विभाग और अमले पर कोई नियंत्रण नहीं है। नीतिगत कमियों और प्रशासनिक अक्षमता पर पर्देदारी करने का प्रयास किया जा रहा है। फाइलें रुकी हुई हैं, विकास कार्य ठप हैं, और पारदर्शी व्यवस्था बनाने के बजाय बलि का बकरा ढूंढने का खेल चल रहा है। मंत्रियों और अधिकारियों के इस भ्रष्टाचार-कमीशनखोरी के खेल से आम जनता पिसा रही है। सरकारी दफ्तरों में काम अटक रहे हैं, योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि पीए बदलना यह साबित करता है कि दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। अगर मंत्री निर्दाेष हैं तो बार-बार पीए क्यों बदले जा रहे हैं? यह प्रशासनिक फेरबदल नहीं, भ्रष्टाचार के सबूत मिटाने और अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश है। दोष मंत्रियों के नीयत में है, और बलि पीए की ली जा रही है।

सुरेंद्र वर्मामुख्य प्रवक्ताछत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटीमोबाइल 98262-74000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *