आंधी में उजड़ा आशियाना, पेड़ गिरने से घायल हुई बुजुर्ग; जगरगुंडा पुलिस बनी सहारा

आंधी में उजड़ा आशियाना, पेड़ गिरने से घायल हुई बुजुर्ग; जगरगुंडा पुलिस बनी सहारा


तेज बारिश के बीच मौके पर पहुंची पुलिस, घायल महिला को सीआरपीएफ कैंप पहुंचाया; मेडिकल स्टाफ ने तत्काल शुरू किया उपचार
सुकमा: बुधवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जगरगुंडा क्षेत्र के पूवर्ती और तुमालपारा गांव में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गए और पेड़ गिरने से ग्रामीणों के मकानों को नुकसान पहुंचा। इसी दौरान तुमालपारा निवासी 65 वर्षीय मड़कम दुलारी पति स्व. जोगा के घर पर पेड़ गिर गया। हादसे में वह घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जगरगुंडा पुलिस की टीम तत्काल गांव पहुंची। आंधी और बारिश के बीच पुलिस जवानों ने घायल बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी सीआरपीएफ कैंप पूवर्ती पहुंचाया। कैंप के मेडिकल स्टाफ ने बिना देरी किए महिला का उपचार शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आंधी के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा का लिया जायजा
पुलिस टीम ने प्रभावित इलाके में पहुंचकर ग्रामीणों की स्थिति और क्षति का जायजा लिया। जवानों ने ग्रामीणों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दी। पुलिस की त्वरित मदद से घायल बुजुर्ग को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
नुकसान की जानकारी प्रशासन और बिजली विभाग को दी
आंधी-तूफान से हुए नुकसान की जानकारी विद्युत विभाग के जेई, तहसीलदार और पटवारी को दी गई है। संबंधित विभागों द्वारा क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जगरगुंडा पुलिस ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्राकृतिक आपदा के बीच पुलिस और सीआरपीएफ की त्वरित मदद ने एक घायल बुजुर्ग महिला को समय पर उपचार दिलाया। ग्रामीणों के बीच पुलिस जवानों की इस मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *