छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
*सड़कें-स्कूल जर्जर, गोठान पर ताला, भाजपा सरकार में केवल रेत, नशे और भ्रष्टाचार का कारोबार चंगा -कांग्रेस*
रायपुर/13 सितंबर 2026। बुनियादी ढांचा और अति आवश्यक जन सुविधाओं को बाधित करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में सरकार बदलते ही विकास के तमाम दावे हवा हो गए हैं। पौन तीन साल के भाजपा सरकार में आज प्रदेश के स्कूल और आंगनबाड़ी भवन जर्जर हो गए हैं, सड़कें चलने लायक नहीं बची हैं, ग्रामीणों की आय का जरिया बने गोठान और रीपा परिसर बंद पड़े हैं। भाजपा की साय सरकार का ध्यान जनहित पर नहीं, बल्कि रेत तस्करी, नशा कारोबार और अफसरशाही के भ्रष्टाचार को संरक्षण देने पर है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा का असली ‘विकास’ अवैध कारोबार के मुनाफाखोर में हिस्सेदारी ही है। विज्ञापन और बयानों में दावें किए जा रहे हैं लेकिन धरातल पर स्थिति विपरीत है, केवल रेत तस्करी, प्रशासनिक भ्रष्टाचार और अवैध नशे का कारोबार बढ़ा है। प्रदेश की आम जनता, महिलाएँ, बच्चे और आम जनता बदहाल सड़कों और बदहाल जनसुविधाओं का दंश झेल रहे हैं, जबकि माफिया फल-फूल रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार ने यह सरकार गौ हत्यारी है, बिना वैकल्पिक व्यवस्था के 10 हजार गोठानो को बंद कर दिए, गौ-धाम का दावा झूठा साबित हुआ, आज गायें सड़कों पर बेमौत मर रही है, राहगीर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं, यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और किसान खुली चराई से परेशान हैं। पूर्वाग्रह से ग्रस्त भाजपा सरकार का यह अव्यावहारिक निर्णय सीधे तौर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और छत्तीसगढ़िया मॉडल पर हमला है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा के कुशासन में प्रदेश की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, विकास अवरुद्ध है, कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है, माफिया के आगे नतमस्तक है, नशे के अवैध कारोबार बेखौफ पनप रहे हैं। भाजपा के नेता रेत की अवैध काली कमाई में वर्चस्व के लिए एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गये है।
सरकार से सवाल पूछते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ियों के सुधार के लिए बजट में कटौती क्यों की गई? बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कब बंद होगा? ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले गोठानों और रीपा को साजिश के तहत बंद क्यों किया गया? राज्य की सड़कों की बदहाली का जिम्मेदार कौन है और मरम्मत का फंड कहाँ डायवर्ट किया जा रहा है? प्रदेश में तेजी से फैल रहे अवैध नशे और रेत माफिया को किस मंत्री/नेता का संरक्षण प्राप्त है? क्या यही भाजपा का ‘सुशासन’ है जहाँ जन सुविधाएं ठप हैं और अवैध कारोबार चरम पर है?
सुरेंद्र वर्मामुख्य प्रवक्ताछत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटीमोबाइल 98262-74000

