स्पा सेंटरों में गौतम बुद्ध की फोटो-मूर्ति के इस्तेमाल पर बौद्ध समाज ने जताई आपत्ति, अपर कलेक्टर व पुलिस विभाग को सौंपा ज्ञापन

स्पा सेंटरों में गौतम बुद्ध की फोटो-मूर्ति के इस्तेमाल पर बौद्ध समाज ने जताई आपत्ति, अपर कलेक्टर व पुलिस विभाग को सौंपा ज्ञापन


रायपुर। शहर के कुछ स्पा सेंटरों में तथागत गौतम बुद्ध की फोटो, पोस्टर और प्रतिमा लगाए जाने को लेकर बौद्ध समाज ने गंभीर आपत्ति जताई है। इस संबंध में आज बौद्ध समाज के लोगों ने रायपुर अपर कलेक्टर एवं पुलिस विभाग को ज्ञापन सौंपकर मामले में जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
समाज के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक स्पा सेंटर में पुलिस की कार्रवाई के दौरान गेट पर तथागत गौतम बुद्ध का पोस्टर दिखाई दिया था। इसके बाद समाज के बीच यह सवाल उठने लगा कि जिन स्थानों पर अन्य प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं, वहां भगवान बुद्ध की फोटो या प्रतिमा का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है।
बौद्ध समाज का कहना है कि तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा और उनके विचारों का किसी भी गलत, अनैतिक या आपत्तिजनक गतिविधि के लिए व्यावसायिक इस्तेमाल समाज स्वीकार नहीं करेगा। बुद्ध की प्रतिमा शांति, करुणा और मानवता का प्रतीक है, इसलिए उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि रायपुर के जिन-जिन स्पा सेंटरों में तथागत गौतम बुद्ध की फोटो, पोस्टर या प्रतिमा लगी हुई है, वहां इसकी जानकारी लेकर जांच की जाए और यदि किसी गलत गतिविधि के लिए इनका इस्तेमाल पाया जाता है तो उचित कार्रवाई की जाए।
इस दौरान भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि तथागत गौतम बुद्ध का अपमान किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।
समाज ने यह भी कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो समाज के लोग संबंधित स्पा सेंटरों के संबंध में जानकारी एकत्र कर संचालकों को समझाइश देंगे और जहां बुद्ध की प्रतिमा या फोटो का गलत गतिविधियों के लिए इस्तेमाल पाया जाएगा, वहां कड़ा और शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया जाएगा।
बौद्ध समाज ने प्रशासन से इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *