धमतरी तहसील अंतर्गत ग्राम लीलर रेत खदान में तहसीलदार संजय विश्वकर्मा ने अचानक छापामार कार्यवाही की। इस कार्यवाही के दौरान एक जेसीबी मशीन और हाईवा महानदी में पाई गई जिसे पंचनामा बाद जब्ती की कार्यवाही की गई। गाड़ी मे उक्त गाड़ी के भार छमता से अधिक लोड भी किया गया है
ग्राम लीलर सहित कई जगहों पर अवैध रूप से मशीन के माध्यम से रात में रेत उत्खनन की शिकायतें लगातार शासन प्रशासन तक होती रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार संजय विश्वकर्मा ने रविवार की शाम साढ़े 6 बजे लीलर खदान में छापामार कार्यवाही की। इस कार्यवाही के दौरान जेसीबी मशीन से एक हाइवा में रेत भरा जा रहा था।
जैसे ही अधिकारी मशीन के नजदीक पहुंच रहे थे वैसे ही जेसीबी को छोड़कर ड्रायवर मौके से फरार हो गया। हाइवा को जब्त कर अर्जुनी थाना भेजा गया है। वहीं जेसीबी को पंचनामा के बाद सील कर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। कार्यवाही के दौरान गांव के सरपंच और कोटवार भी मौजूद थे। जिन्होंने तहसीलदार को बताया कि रविवार को 10 से 12 ट्रिप हाइवा से रेत की निकासी हो चुकी है। पिछले दिनों मुड़पार पंचायत से भी जेसीबी से रेत उत्खनन की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने इस पंचायत को उत्खनन के लिए रायल्टी उपलब्ध नहीं करायी है, जबकि सरपंच और जेसीबी चलाने वाले ठेकेदार लगातार कलेक्टोरेट का चक्कर लगाते रहे। बताया जाता है कि यहां उत्खनन के कार्य में बाहर एवं जिले के राजनीतिक दल से जुड़े लोग शामिल थे। ग्राम सेमरा, बारना में भी रात में अवैध उत्खनन होने की शिकायत हो रही है।

