*सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने की कड़ी निंदा*



*सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने की कड़ी निंदा*
रायपुर। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा परिसर में हुए हमले की छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने कड़ी निंदा की है। समाज ने इस घटना को सिक्ख मर्यादा और शांतिपूर्ण धार्मिक वातावरण के विरुद्ध बताते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल बेअदबी से जुड़े मामलों में सिक्ख समाज की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा दी गई सजा को शिरोधार्य करते हुए सजा भुगत रहे हैं अकाल तख्त द्वारा दिए गए आदेशों का पालन कर रहे हैं। इसी के तहत वे सपरिवार सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के गुरुद्वारा में माफी मांगने और माथा टेकने पहुंचे थे , ऐसे में उन पर किसी निहंग द्वारा जानलेवा हमला किया जाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
सुखबीर सिंघोत्रा ने कहा कि धार्मिक मतभेदों अथवा किसी भी प्रकार की नाराजगी का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि सिक्ख मर्यादा और संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश का सम्मान करना प्रत्येक सिक्ख की जिम्मेदारी है और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस प्रकार की हिंसक घटनाओं से सिक्ख समाज की एकता, धार्मिक मर्यादा और शांतिपूर्ण परंपरा को ठेस पहुंचती है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज की आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, मनजीत सिंह भाटिया, बाबा बुड्ढा जी साहेब गुरुद्वारा के प्रधान हरकिशन सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह चावला, जसप्रीत सिंह चावला, इकबाल सिंह होरा, रणजीत सिंह खनूजा, अमृत सिंह सूर, इंदर पाल सिंह गांधी, गुरमीत सिंह छाबड़ा, मानवेंद्र सिंह डडियाला, जागीर सिंह बावा, नरेन्द्र सिंह चावला, बंटी जुनेजा, हरमिंदर सिंह राजू छाबड़ा, अत्तर सिंह ने नांदेड़ गुरुद्वारा में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की घटना का एकमत से विरोध एवं निंदा की। बैठक में मांग की गई कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज देशभर के सिक्ख समाज से शांति, संयम और आपसी एकता बनाए रखने की अपील करता है तथा धार्मिक संस्थाओं और उनके आदेशों का सम्मान करने का आह्वान करता है।
सुखबीर सिंह सिंघोत्राप्रदेश अध्यक्षछत्तीसगढ़ सिक्ख समाज9301094242

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *