बात बेबाक
देवा नायक
जनपद उपाध्यक्ष महासमुंद
आजादी के लगभग सात दशक गुजर चुके है परन्तु आज भी कागजो और भाषणों में संरक्षित कहे जाने वाले बैगा , कोरवा सहित कमार, बिंझवार , उँराव जैसी जनजातियां मुलभूत सुविधाओं साफ़ पानी , स्वास्थ्य , शिक्षा और आवागमन के साधन के लिए तरसती ,शासन प्रशासन की योजनाओ और अपने रहनुमाओं के रहमोकरम के इंतज़ार में है। शहरो की किसी एक गली में एक दिन पानी ना आये तो हा हा कार मच जाता है , हॉस्पिटल में किसी की मौत हो जाय तो मीडिया में बड़ी बड़ी खबरे बन जाती है बुद्धू बक्से पर बहस व डिबेट प्रारंभ हो जाती है । कोई गरीब आदिवासी सुविधाओ के आभाव में दम तोड़ देता है तो किसी के कानों में जूं तक नही रेंगती हाँ ये जरूर होता है कि इनकी मौत पर नेता राजनीती की दूकानदारी सजा लेते है और सत्ताधारी दल पर विपक्षी दल चढ़ बैठते है और घपले घोटालो के आरोपो की बौछार हो जाती है । सत्ता में बैठते ही विपक्षी भी सत्ता के अवगुण से बच नही पाते है। देश का दुर्भाग्य है कि इनके उत्थान की योजनाएं एसी कमरो में बैठ बिसलरी की बोतल और फाइव स्टार होटलो में बने पकवानों के बीच बनाई जाती है। सरकार किसी की भी हो वनांचल के आदिवासियों के उत्थान और विकास के लिए योजनाओ की फाइलों की कछुआ चाल , भ्रष्टाचार आजादी के सात दशक बाद भी सड़क विहीन होने का अभिशाप अँधेरे में जीवन गुजारने की पीड़ा ,अदद ईलाज दवा और साफ पीने के पानी को तरसती आबादी को बैगा गुनिया , झोला छाप डॉक्टर से ईलाज व झिरिया का पानी पीने को मजबूर करती है । ऐसे हालात तब है जब आदिवासियों के उत्थान के लिए शासन प्रशासन के पास दर्जनो योजनाएं है। आजादी के बाद इन योजनाओ के जरिये इनके उत्थान और विकास के लिए अब तक अरबो रूपये पानी की तरह बहाए जा चुके है और बहाए भी जा रहे है । गिने चुने कामो को छोड़ दे तो अधिकाँश काम काज भ्रष्टाचार का निवाला बन रहे है । इन योजनाओं से आदिवासियों का कितना विकास हुआ ये तो नही पता पर इन क्षेत्रो में काम करने वाले अधिकांश एनजीओ , अफसरों , ठेकेदारों और जनप्रतिनिधियो की किस्मत बदली हुई नजर आती है । जिनकी औकात कभी सायकल की सवारी की नही थी वे एसी लगे चारपहिया वाहनों के मालिक बन बैठे है ।
विश्व आदिवासी दिवस पर भ्रष्टाचार के खेल में छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के आबकारी अमले की रिश्वतखोरी के लालच और काली कमाई की करतूत का उल्लेख भी आवश्यक है अफसरों के लालच ने कंट्रोल रूम में एक आदिवासी युवा को फांसी के फंदे पर झूलने मजबूर किया और शासन प्रशासन आज तलक जांच जांच का खेल खेलने में मशगूल है । खैर अब भ्रष्टाचार पर लिखना बेकार बेमानी सा लगता है क्योंकि अब यह शिष्टाचार जो बनता जा रहा है ।
विश्व आदिवासी दिवस पर छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के उन बैगा बच्चो को बधाइयाँ जो शिक्षा के प्रति जागरूक हो और मेहनत व ईमानदारी से स्वाथ्य , शिक्षा और कृषि विभाग जैसे कई विभागों में अपनी सेवा के साथ साथ अपने समाज मे जागरूकता ला रहे है । आज मन्ना बेदी के बैगा बच्चे भारत बैगा का उल्लेख भी आवश्यक है जिसने जेईई की परीक्षा में गत वर्ष अपनी योग्यता का परचम लहरा देश की राजधानी दिल्ली की तकनीकी विश्वविद्यालय में दाखिला हासिल किया है जो कबीरधाम के साथ साथ साथ छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है । इन सबके बीच कबीरधाम जिले के जिला प्रशासन की सराहनीय व महत्वाकांक्षी योजना बाइक एम्बुलेंस सेवा की चर्चा भी आवश्यक है जो बीहड़ वनांचल क्षेत्रो में गर्भवती माताओं और बीमार आदिवासियों के लिए संजीवनी बन कर आई है जिसे पूरे देश मे अमल पर लाया जाना चाहिए इसके लिए कबीरधाम जिला प्रशासन साधुवाद का पात्र है ।
आदिवासियों के उत्थान और विकास के प्रति राजनेता चुनाव के नज़दीक आते ही जो सक्रियता दिखाते है, जनता जनार्दन के दुःख दर्द के प्रति जो गहन चिंता व्यक्त करते है वो कोरी भाषण बाजी ना हो बल्कि वे समस्याओं के समाधान और संदर्भ में अपना दृष्टिकोण भी स्पष्ट करें। उनके बीच बहस मुलभुत समस्याओ और विकास के मॉडलों पर होनी चाहिए, न कि आरोपों-प्रत्यारोपों की गिरी हुई एक दूसरे पर कीचड़ उछालती चरित्र को तार तार करती राजनीति पर।
अंत मे विकास की अंधी दौड़ की भागमभाग के बीच बैगा आदिवासियों की सभ्यता संस्कृति के संरक्षण , इनके उत्थान और विकास कार्यो में कमीशन खोरी में लिप्त महामानवों को जल्द सद्बुद्धि आए इन्ही कामनाओ के साथ पुनः विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई मंगलकामनाएँ
और अंत में :-
उनके देखने से जो आ जाती है चेहरे पर रौनक,
वो समझते हैं कि गरीब का हाल अच्छा है ।

