तीन हजार की रिश्वत लेते पटवारी पकड़ाया
सूरजपुर :- एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को रामानुजनगर तेलईमुड़ा के पटवारी रामगोपाल साहू को स्टेट बैंक सूरजपुर के बाहर एक ग्रामीण से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़कर जेल भेज दिया है। पटवारी ने फौती चढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपित पटवारी पिउरी चौक रामानुजनगर का रहने वाला है।
गोविंदपुर निवासी सुनील सिंह ने उप पुलिस अधीक्षक एन्टी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर के समक्ष इस आशय की शिकायत की थी कि – उसकी पैतृक भूमि उसके माता-पिता के नाम से दर्ज है। पिता के देहांत के बाद जब पटवारी रामगोपाल साहू से पटवारी को फौती चढ़ाकर राजस्व रिकार्ड दुरुस्त कराने के लिए गए तो उसने पांच से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। एसीबी ने जाल बिछाकर पटवारी को रंगे हाथ दबोच लिया। पटवारी के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, (यथा संशोधन 2018) के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

