*छत्तीसगढ़ राज्य मे अब नहीं खुलेगी नई शराब दुकान?*
रायपुर :- प्रदेश में अब नई शराब दुकान नहीं खुलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कैबिनेट की छठवीं बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया है। बुधवार को नवा रायपुर स्थित महानदी मंत्रालय भवन में चली चार घंटे की बैठक में छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2024-25 का अनुमोदन किया गया। इसमें यह निर्णय लिया गया कि कोई भी नई मदिरा दुकान नहीं खोली जाएगी। प्रदेश में अभी 660 देसी-विदेशी शराब दुकानें संचालित हैं। बता दें कि राज्य सरकार ने 16 वर्ष पुरानी आबकारी नीति में बदलाव किया है। सरकार के इस निर्णय को शराबबंदी की ओर अग्रसर कदम माना जा रहा है। हालांकि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में शराबबंदी का कोई वादा नहीं किया है। इसके बाद भी सरकार शराब पर अंकुश लगाने की दिशा में दिख रही है।
प्रदेश की चुनावी सियासत में शराबबंदी बड़ा मुद्दा रहा है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2018 में चुनावी घोषणा पत्र में भी शराबबंदी का वादा किया था। यह वादा करके भूपेश – सरकार सत्ता में आई थी मगर शराबबंदी नहीं हुई। वहीं हर साल शराब से राजस्व का आकार बढ़ता रहा। भूपेश सरकार में पूर्व वर्ष 2023 में राज्य में 15 हजार करोड़ रुपये की शराब बेची गई थी, जिससे 6,800 करोड़ का टैक्स मिला था, जबकि लक्ष्य 5,000 करोड़ था।

