प्रधानमंत्री मोदी विकास कार्य को लेकर राज्यों के साथ नहीं करते भेदभाव-टीएस सिंहदेव

प्रधानमंत्री मोदी विकास कार्य को लेकर राज्यों के साथ नहीं करते भेदभाव-टीएस सिंहदेव


रायगढ़। रायगढ़ जिले के कोड़ातराई में भाजपा के विजय शंखनाद रैली में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने सधे अंदाज में कहा कि मेरा अपना अनुभव यह बताता है कि विकास कार्य के मामले में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों के साथ कभी भेदभाव नहीं किया। विकास कार्य के लिए हमनें मदद मांगी तो बतौर एक साथी केन्द्र सरकार की ओर से कभी हाथ तंग नहीं रहे। हमने जो मांगा हमें मिला। हमें भरोसा है कि आगे भी केंद्र सरकार ने प्रदेश के विकास कार्य के लिए हमें मदद मिलती रहेगी। इस देश को इस प्रदेश को संघीय ढांचे में हम निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने पीएम को विश्वास दिलाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के क्षेत्र में सामूहिक भागीदारी से हम मिलकर काम करेंगे।
कोड़ातराई की सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बाद प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सिंहदेव को बोलने का अवसर मिला। सिंहदेव सधे लहजे में अपनी बात की शुरुआत की। मेजबान की भूमिका निभाते हुए छत्तीसगढ़ की धरती पर आगमन को लेकर पीएम मोदी का स्वागत किया और कहा कि मेरा सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ की धरती पर प्रधानमंत्री मोदी की अगुवानी का अवसर मिला है। उप मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को सर से संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आपका बहुत-बहुत स्वागत है। बेहद सहजता के साथ सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए बहुत सारी चीजें देते रहे हैं। आज आप देने आये हैं बहुत सारी चीजें देते रहे हैं, दे रहे हैं और भविष्य में भी मिलती रहेंगी ऐसा मेरा विश्वास है।
उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में हम जो मांगेंगे केंद्र सरकार से हमें मिलता रहेगा। ऐसा मेरा विश्वास है। यह भरोसा कामय रहेगा। मेरा अपना अनुभव बताता है कि हमने जो मांगा है वह केंद्र से मिला ही है। सिकलसेल की चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने पाया है कि प्रदेश में हर दस में से एक व्यक्ति सिकलसेल से ग्रसित है। सिकलसेल के ग्रसित नागरिकों को उनकी बेहतर पहचान और बेहतर उपचार के लिए जो कार्य का सिलसिला प्रारंभ हुआ उसे और गति मिलेगी। रोग से ग्रसित लोगों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *