“हरिभूमि ” तथा आई एन एच चैनल द्वारा समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी का सम्मान,
कांकेर अजय पप्पू मोटवानी का उल्लेखनीय सेवाओं को दृष्टिगत रखते हुए कोण्डागांव में हरिभूमि एवं आईएन एच चैनल द्वारा अपने मंच पर हार्दिक सम्मान किया गया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर सांसद मोहन मंडावी, बस्तर सांसद तथा प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, कोण्डागांव के विधायक मोहन मरकाम भी उपस्थित थे, जिन्होंने अजय पप्पू मोटवानी द्वारा लावारिस लाशों के अंतिम संस्कार सहित अनेक प्रकार की सामाजिक एवं पर्यावरणीय सेवाओं के लिए उनकी प्रशंसा एवं सराहना की। सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए अजय पप्पू मोटवानी ने अपने वक्तव्य में बताया कि समाज सेवा ,लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार हम लोगों के लिए अत्यंत संतोष का विषय है। कई बार मृत व्यक्ति के परिजन भी लाश को लेने से या अंत्येष्टि करने से इंकार कर देते हैं, उनका भी अंतिम संस्कार हम लोग प्रशासन के आदेश से करते हैं । पिछले दो ढाई वर्षो से हमने एक दैनिक कार्यक्रम भी शुरू किया है। रात्रि भोजन के उपरांत 10 बजे जिला अस्पताल में जाकर मरीजों की सेवा करना, जहां हमारे जाने का टाइम तो निश्चित है लेकिन वापस आने का कोई समय तय नहीं होता। यदि कोई मरीज़ आर्थिक रूप से लाचार है या किसी को भोजन नहीं मिला है तो उसकी भी व्यवस्था हमारे संगठन द्वारा की जाती है। इन सब सेवाओं के लिए मैंने आज तक एक रुपया चंदा भी किसी से नहीं लिया है और जब तक जीवित हूं, नहीं लूंगा। अस्पताल के अंदर हम लोग डॉक्टर बुलाने, एंबुलेंस लाने, मरीजों की शिफ्टिंग करने, स्टाॅफ ना होने पर ड्रेसिंग करने आदि हर प्रकार के कार्य परमार्थ हेतु करते हैं। सेवा कार्य मेरे तथा मेरी संस्था “जनसहयोग” के सदस्यों के लिए अत्यंत संतोष की बात है । संतोष ही हमारा पुरस्कार है। ,,,,मंच पर उपस्थित अन्य सज्जनों में ब्यूरो चीफ (नेशनल) शैलेश पांडे, हरिभूमि के असिस्टेंट जनरल मैनेजर नीलेश द्विवेदी, ईसीआर हेड सोनू जी, सीनियर एंकर गंगासागर , एंकर विनय द्विवेदी, बस्तर प्रमुख जीवानंद हालदार एवं कोण्डागांव प्रमुख इसरार अहमद आदि उपस्थित थे । सभी ने जन सहयोग संस्था तथा उनके अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी की प्रशंसा एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं कीं।

