पिथौरा/बलौदाबाजार. बार नवापारा अभ्यारण्य के चीतल शिकार मामले में वन विभाग ने चौथे आरोपी बेनूराम यादव (40) को भी गिरफ्तार कर जेल दाखिला कराया . आपको बतादे कि बारनवापारा परिक्षेत्र के आमगांव परिवृत्त के अकलतरा परिसर के कक्ष क्रमांक 120 में शिकारियों ने जीआई तार से विद्युत करंट प्रवाहित किया था. जिसमें एक नर चीतल 5-6 जनवरी की रात करंट से मारा गया था. घटना के बाद चरौदा के डिप्टी रेंजर सत्येंद्र कश्यप की तत्परता से मामले का खुलासा हुआ था. बाद अभ्यारण्य अधीक्षक आनंद कुदरिया व परिक्षेत्र अधिकारी कृशानु चंद्राकर ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन की. जांच के बाद शिकार के मामले में शामिल चार लोगों में से ग्राम गबौद निवासी अर्जुन यादव (34), लोकनाथ बरिहा (33) और ग्राम देवगांव निवासी योगेश कुमार ठाकुर (37) को पकड़ा था.
इनमें से एक आरोपी बेनूराम यादव (40) हाल मुकाम देवगांव की तलाश की जा रही थी, जिसे पकड़ा गया. पकड़े गए आरोपियों से चीतल का कटा हुआ सिर, चार पैर, एक चमड़ा, शिकार के लिए प्रयुक्त किए गए 3 किलो जीआई तार, एक हंसिया व एक कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद किया था. बाद एक तालाब से भी चीतल का उबला हुआ पाव भर मांस बरामद किया गया था. वहीं अर्जुन यादव के घर से चीतल का कटा हुआ कच्चा मांस करीब 5 किलो, बेनूराम यादव के घर से करीब ढाई किलो व योगेश कुमार ठाकुर के घर से एक किलो चीतल का कच्चा मांस भी मिला था. कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी कृषाणु चन्द्राकर, पवन सिन्हा, परिक्षेत्र सहायक गीतेश बंजारे, गोपाल वर्मा, सत्येंद्र कुमार कश्यप, कपूरचंद बरिहा, परिसर रक्षी अमिताभ बंजारे, रविश्वर प्रसाद मिरी आदि का योगदान रहा.

