रायपुर,भ्रष्टाचार पर कांग्रेस और भाजपा के बीच ट्वीटर वार,
रायपुर,भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस और भाजपा के बीच जमकर ट्वीटर वार चला। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के कार्यकाल के समय हुए प्रियदर्शनी घोटाले का वीडियो ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के पितामह को लगता है कि मार्गदर्शक मंडल में हुई वाइल्ड कार्ड एंट्री से बाहर आने के लिए छत्तीसगढ़ को बदनाम करेंगे,ये नहीं चलेगा। कौन किसका एटीएम है, इसका प्रमाण तो देना ही पड़ेगा। पनामा के खाते में दर्ज है जिनका नाम, वो फिर करने लगे छत्तीसगढ़ को बदनाम । वैसे नान की डायरी में नागपुर से लखनऊ तक का जिक्र है वो किस स्वाइप मशीन से हस्तांतरित हुए थे,प्रदेश की जनता जानना चाह रही है।
इस पर डा.रमन ने ट्वीट किया कि बेल पर मुखिया अब बेलगाम हो गया, चंद पैसों के लिए भ्रष्ट अधिकारियों
का गुलाम हो गया। यह लो 25 रुपये प्रति टन का साक्ष्य। आगे की कार्रवाई. के लिए तैयारी कर लें,साथ ही अब माफी भी मांग लीजिए। सारे नाम सामने आयेंगे,सारे भ्रष्टाचार उजागर होंगे, सच सामने आएगा,सब सामने आएगा। वहीं,भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री जी,अलबर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है? पैसा,सोना छत्तीसगढ़ की धरती ने ही उगला है। जांच तो पूरी हो जाने दीजिए,आपको और देश-विदेश को पूरी जानकारी मिल जाएगी।

