पंडरिया विधानसभा के ग्राम इंदौरी पहुंचे मुख्यमंत्री: आमजनता से योजनाओं पर लिया फीडबैक

भेंट-मुलाकात: राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त दीवाली के पहले 17 अक्टूबर को दी जाएगी-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

पंडरिया विधानसभा के ग्राम इंदौरी पहुंचे मुख्यमंत्री: आमजनता से योजनाओं पर लिया फीडबैक

धौराबंद से प्राणखैरा, खरबना-राम्हेपुर और कोहड़िया-सूरजपुर-हरदी के बीच सड़क निर्माण की घोषणा

इंदौरी के उप स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में होगा उन्नयन

सहसपुर लोहारा के रणवीरपुर में होगी पुलिस चौकी की स्थापना

झलमला-धोथेवाड़ा के बीच सकरी नदी पर नवीन पुल निर्माण की घोषणा

मरका में खुलेगी जिला सहकारी बैंक की शाखा

छत्तीसगढ़,मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने प्रदेश व्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा के ग्राम इंदौरी पहुंचे। उन्होंने वहां स्थानीय लोगों से रूबरू होकर राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का जायजा लिया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्थानीय लोगों की मांग पर अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। इनमें इंदौरी के उप-स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन, मरका में जिला सहकारी बैंक की शाखा, धौराबंद और खैरा, खरबना-राम्हेपुर और कोहड़िया-सूरजपुर-हरदी के बीच सड़क निर्माण, सहसपुर लोहारा के रणवीरपुर में पुलिस चौकी की स्थापना, झलमला-धोथेवाड़ा के बीच सकरी नदी पर नवीन पुल निर्माण की घोषणाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि नवरात्रि की पावन बेला में आप लोगों के बीच आया हूं। आप सभी को नवरात्रि की बहुत बधाई और शुभकामनाएं। इस वर्ष अच्छी बारिश हुई जिससे फसल भी अच्छी हुई और किसान खुशहाल हैं। प्रदेश में हमारी सरकार बनने पर सबसे पहले हमने किसानों का ऋण माफ किया और लगातार उनके हित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त दीवाली से पहले 17 अक्टूबर को किसानों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। केन्द्र सरकार द्वारा 2500 रूपए में धान खरीदी पर असहयोग के बाद भी हमारी सरकार ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का अच्छा दाम दिया है। विगत 4 मई से भेंट-मुलाकात का यह सिलसिला चल रहा है। लोगों से मिल रहे हैं, उनसे बातें हो रही हैं और योजनाओं का फीडबैक भी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री बघेल ने ग्राम इंदौरी में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के पहले स्थानीय माता चंडी मंदिर में पहुंचकर देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं सुख समृद्धि की कामना की। माता चंडी मंदिर से भेट मुलाकात कार्यक्रम स्थल तक रोड शो के दौरान ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गाें और युवाओं ने मुख्यमंत्री श्री बघेल का नारियल, फूल, आरती कर भव्य स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क के किनारे पर कुछ देर रुककर दुर्गा पंडाल में भी पूजा अर्चना की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की छायाचित्र भी भेंट की। युवाओं में मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और फोटो लेने की भी होड़ लगी रही। मुख्यमंत्री बघेल ने आत्मीयतापूर्वक सभी का अभिनंदन स्वीकार किया।

ग्राम इंदौरी में भेंट-मुलाकात के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री बघेल का खुमरी पहनाकर और हल भेंटकर स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *