महंगाई पर प्रदेश कांग्रेस का राजभवन घेराव, ‘जनता का पैसा मोदी सरकार के पास जा रहा है’
रायपुर। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, खाद्य पदार्थो में जीएसटी का विरोध करने कांग्रेस शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन की इसी कड़ी में राजधानी के अंबेडकर चौक में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन के बाद राजभवन का घेराव किया। घेराव के बाद कांग्रेस के पदाधिकारीयों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम तैयार किया ज्ञापन राज्यपाल को सौपा। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत प्रदेश कांग्रेस के शेक इमरान, सगीर सिद्दीकी वा तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहें।
प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर महंगाई और ईडी की कार्रवाई को लेकर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ गए तो ट्रांसपोर्टेशन का भी दाम बढ़ जाता है, ट्रैक्टर भी डीजल से चलता है। खेती किसानी के काम भी महंगे हो गए। कभी 30 पैसा कभी 85 पैसा इस तरह से रोज पेट्रोल के भाव बढ़ रहे हैं। आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो रहा है।


