भाजपा छोड़कर तनवीर सिंह हुए आप के साथ

भाजपा छोड़कर तनवीर सिंह हुए आप के साथ

बोले- मेवाड़ में प्राइवेट कंपनी बन गई भाजपा

राजसमंद | दिल्ली और पंजाब के बाद अब आम आदमी पार्टी राजस्थान में भी सियासी पैर जमाती दिखाई दे रही है। 20 साल से भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेता तनवीर सिंह कृष्णावत ने अब भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। तत्कालीन भाजपा नेता कृष्णावत को शनिवार को जयपुर में आप पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। आप कार्यकर्ताओं ने कृष्णावत के नई पार्टी आप की सदस्यता ग्रहण करने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। आप पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मयंक त्यागी ने बताया कि कृष्णावत पार्टी में जल्द ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कृष्णावत ने बताया कि वे पूर्व में भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं। सक्रियता के बावजूद अन्य नेताओं की तरह कृष्णावत भी बीते कुछ समय से पार्टी में उपेक्षित थे। कृष्णावत को नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया का धुर विरोधी भी माना जाता है, क्योंकि कटारिया द्वारा महाराणा प्रताप को लेकर दिए विवादित बयान को लेकर कृष्णावत ने कटारिया के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कटारिया के बयान के बाद कृष्णावत के नेतृत्व में जन आक्रोश रैली भी कलेक्ट्रेट तक निकाली थी। बता दें, कृष्णावत मेवाड़ क्षत्रीय महासभा में केन्द्रीय महामंत्री रह चुके हैं। समाजसेवा से जुड़े हैं। कृष्णावत ने दामन थामते ही भाजपा पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा मेवाड़ में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *