अवैध खनन पाए जाने पर दो लोगों पर लगाया गया 23 करोड़ से अधिक का जुर्माना

कालाढूंगी तहसील के सेमलचौड़ में प्रशासन की टीम ने मिट्टी का अवैध खनन पाए जाने पर दो लोगों पर 23 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया है। मंगलवार को डीएम धीराज गर्ब्याल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने कालाढूंगी प्रशासन को साथ लेकर क्षेत्र में छापेमार की।
इस बीच अवैध तरीके से मिट्टी खनन का खेल पकड़ा। एडीएम जोशी ने बैलपड़ाव से लगे सेमलचौड़ क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की तो सुभाष चंद्र पुत्र टीका राम की ओर से 174400 घनमीटर अवैध खनन करना पाया गया। इस पर 13 करोड़ 82 लाख 88 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। फिलहाल यहां खनन बंद पाया गया। वहीं हिम्मत सिंह पुत्र करतार सिंह के यहां 135792 घनमीटर अवैध खनन पाए जाने पर 10 करोड़ 45 लाख 59 हजार आठ सौ चालीस रुपये का जुर्माना लगाया गया। यहां भी फिलहाल खनन बंद मिला। जबकि करम सिंह पुत्र सुच्चा सिंह व कृपाल सिंह पुत्र करतार सिंह के यहां खनन बंद पाया गया। पर गड्ढों का भरान नहीं पाए जाने पर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गयी। सुखराज सिंह पुत्र कुलवंत सिंह के यहां भी खनन बंद पाया गया। लेकिन सीमा पर लगे पिलर गिरे पाए गए। जिन्हें तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए। एडीएम जोशी ने बताया रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। छापेमारी के दौरान एसडीएम कालाढूंगी रेखा कोहली, सर्वेक्षक भू तत्व व खनिकर्म इकाई हल्द्वानी ऐश्वर्या साह, राजस्व उपनिरीक्षक अरुण कुमार देवरानी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *