भारत में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढकर सात लाख के पार पहुंच गई

नई दिल्ली । भारत में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर सात लाख के पार चली गई है। भारत रविवार को हीपूरी दुनिया में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में रूस को पीछे छोड़ते हुए तीसरे पायदान पर पहुंचा था और अब सात लाख से ज्यादा मामले लोगों को डरा रहे हैं। देश में कोरोना वायरस के सोमवार को  17345 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 715910 हो गई। अकेले महाराष्ट्र में ही दो लाख से ज्यादा मरीज हो गए हैं, जबकि तमिलनाडु और दिल्ली में भी कुल मरीजों का आंकड़ा एक-एक लाख को पार कर गया है। गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था। इसे सात लाख होने में 158 दिन लगे। अब हर पांच दिन में एक लाख मरीज बढ़ रहे हैं। यही रफ्तार रही, तो इस महीने यह आंकड़ा 12 लाख के पार जा सकता है। अभी देश में रिकवरी रेट 60 फीसदी से ज्यादा हो गया है, जबकि डेथ रेट 2.82 फीसदी है। यानी हर 100 मरीजों में से करीब तीन लोगों की मौत हो रही है। उधर, हर एक लाख मरीज बढ़ने पर हो रही मौतों के आंकड़ों को देखें तो चार लाख के आंकड़े के बाद से इसमें गिरावट आ रही है। छह से सात लाख मरीज होने के दौरान सबसे कम 1853 मरीजों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 4080 मौतें तीन लाख से चार लाख मरीज होने के दौरान हुई थीं। देश में सात लाख से ज्यादा मामले होने केसाथ सोमवार को संक्रमण से 429 मौतों के साथ देश में महामारी के शिकार लोगों की संख्या भी बढ़कर 20130 तक पहुंच गई है। राहत की बात यह है कि ठीक होने वालों का आंकड़ा भी 12295 बढ़ा है और यह 437189 तक पहुंच गया है। सोमवार कोभी सबसे ज्यादा 5368 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं, जहां कुल संक्रमितों की संख्या 211987 हो गई है। दूसरे नंबर पर मौजूद तमिलनाडु में 3827 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमित 114978 हो गए हैं। इसी तरह दिल्ली में 1379 नए केस सामने आए हैं, जहां अब 100823 मरीज हो गए हैं। ये आंकड़े कोविड 19 इंडिया डॉट ओआरजी के अनुसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *