लोकसभा चुनाव के लिए जहां सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए अपने बड़े नेताओं और स्टार प्रचारकों की बड़ी शिद्दत से झारखंड आगमन की राह देख रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 अप्रैल, बुधवार को लोहरदगा में होने वाली जनसभा को लेकर तैयारियां परवान पर हैं।
सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास बीते दो दिनों से लोहरदगा में जनसभाएं और पदयात्रा कर वोटरों को जगा रहे हैं। शुक्रवार को सीएम ने गुमला में कई चुनावी सभाएं की।इस बीच पुलिस मुख्यालय ने प्रधानमंत्री के लोहरदगा में 24 अप्रैल को होने वाली जनसभा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चुनाव को लेकर नक्सलियों की बढ़ी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा अधिकारियों को जनसभा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोहरदगा में 09 एसपी, पांच एएसपी और 47 डीएसपी कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में लगाए गए हैं। इन अफसरों को 21 से 24 अप्रैल तक प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लोहरदगा में प्रतिनियुक्त किया गया है। इधर पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर एसपीजी की टीम भी लोहरदगा पहुंच गई है।

