
कप्तान की नाबाद अर्धशतकीय पारी और ऑफ स्पिनर कृष्णप्पा गौतम के आखिरी चार गेंदों के कमाल से मौजूदा चैंपियन कर्नाटक ने एक बेहद रोमांचक फाइनल में रविवार को यहां तमिलनाडु को 1 रन से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नमेंट का खिताब जीता। तमिलनाडु के सामने 181 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी टीम छह विकेट पर 179 रन ही बना पाई। उसकी तरफ से ने 44 और बाबा अपराजित ने 40 रन बनाए।
कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 5 विकेट पर 180 रन बनाए। उसकी तरफ से कप्तान मनीष पांडे ने 45 गेंदों पर 60 रन बनाए, जबकि रोहन कदम ने 35 और देवदत्त पडि्डकल ने 32 रन का योगदान दिया। तमिलनाडु की तरफ से रविचंद्रन अश्विन और मुरूगन अश्विन ने 2-2 विकेट लिए। कर्नाटक ने इससे पहले विजय हजारे ट्रोफी के फाइनल में भी तमिलनाडु को हराकर खिताब जीता था।
तमिलनाडु ने बड़े स्कोर के सामने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। सी. हरि निशांत (14), एम. शाहरूख खान (16) और कप्तान दिनेश कार्तिक (20) रन गति के दबाव में बड़े शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवाए। कृष्णप्पा गौतम ने सेमीफाइनल के नायक वॉशिंगटन सुंदर (24) को बोल्ड करके तमिलनाडु को बड़ा झटका दिया। अपराजित और विजय शंकर ने इसके बाद जिम्मा संभाला ओर सात ओवरों में 71 रन जोड़कर तमिलनाडु की उम्मीद बनाए रखी।
जब तमिलनाडु को 18 गेंदों पर 30 रन की दरकार थी तब अपराजित आउट हो गए। तमिलनाडु को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे। रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 16) ने गौतम की पहली 2 गेंदों पर चौके लगाए। अब 4 गेंदों पर पांच रन चाहिए थे लेकिन गौतम ने इस बीच केवल तीन रन दिए। इस बीच विजय शंकर पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। आखिरी गेंद पर तीन रन चाहिए थे लेकिन उस पर केवल बाई का एक रन मिला।
इससे पहले केएल राहुल (22) और पडि्डकल ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़कर कर्नाटक को अच्छी शुरुआत दिलाई। आर. अश्विन ने हालांकि राहुल और मयंक अग्रवाल (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। इसके बाद पांडे ने पडि्डकल के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 और कदम के साथ 65 रन की दो उपयोगी साझेदारियां की। करुण नायर 8 गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद रहे। पांडे ने अपनी पारी में 4 चौके और दो छक्के लगाए।
Source: Sports

