शिवपाल से गठजोड़? अखिलेश बोले-अकेले लड़ेंगे

प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार पर हमले किए। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 2022 का विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी, कोई समझौता या गठबंधन नहीं होगा।

समाजवादी पार्टी की पूर्व विधायक विजमा यादव की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे अखिलेश ने कहा, ‘बीजेपी अपने निजी लाभ के लिए शिक्षा और मेडिकल जैसे क्षेत्र की संस्थाओं को बर्बाद कर रही है। आज देश में आर्थिक संकट है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। आर्थिक संकट के कारण बैंक डूब रहे हैं। के लोगों ने इलाहाबाद बैंक को ही खत्म कर दिया, जिससे देश में प्रदेश की एक पहचान थी।’

‘एनआरसी लाने वाले बताएं, नौजवानों को नौकरी कब मिलेगी?’
पूर्व सीएम ने कहा, ‘ऐसी आर्थिक मंदी आई है कि नौकरी, व्यापार और रोजगार है ही नहीं। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का दावा किया गया था लेकिन सड़कें आज गड्ढा मुक्त हुईं क्या?’ अखिलेश ने केन्द्र सरकार द्वारा एनआरसी लाने के सवाल पर कहा, ‘एनआरसी लाने वाले बताएं कि नौजवानों को नौकरी कब मिलेगी और किसानों का धान कब खरीदा जाएगा। देश जिस आर्थिक संकट में है उस पर सरकार जवाब कब देगी।’

2022 में गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि बगैर किसी गठबंधन के सरकार बनाएंगे। उसकी तैयारियों में समाजवादी लोग जुटे हुए हैं। उन्होंने जेएनयू में फीस वृद्धि पर कहा कि गरीबों और बेटियों की पढ़ाई मुफ्त में होनी चाहिए। सरकार की यह जिम्मेदारी है। सीएम योगी और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य को लेकर इशारों में कहा कि जिन मुख्यमंत्रीजी ने उपमुख्यमंत्रीजी की कुर्सी छीन ली थी, आज उन्हीं का काम रोका जा रहा है। शिवपाल यादव से गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल को वह टाल गए।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *