
अग्रवाल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर (243) बनाया था। गावसकर ने कहा, ‘वह टेस्ट क्रिकेट का आनंद ले रहे हैं। यह उनके करियर का पहला साल है और उम्मीद है कि वह दूसरे साल भी अपने दमदार प्रदर्शन का जारी रखेंगे, क्योंकि दूसरे सीजन में विपक्षी टीम के पास आपके बारे में बहुत जानकारी मौजूद होगी। हालांकि, मयंक दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।’
गावसकर ने कहा, ‘वह ऑफ साइड की ओर गिरे बिना बेहतरीन संतुलन बनाए रखते हैं और स्ट्रेट खेलते हैं। फ्रंट और बैकफुट पर उनका मूवमेंट भी शानदार है, जिसके कारण वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ है।’
उल्लेखनीय है कि मयंक बेजोड़ फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ होम सीरीज में एक दोहरा शतक सहित 2 शतक लगाए थे। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 243 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।
Source: Sports

